पटना में गुरुवार को INDIA ब्लॉक के राजभवन मार्च के दौरान हंगामा हो गया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आक्रोश मार्च का नेतृत्व तेजस्वी यादव कर रहे थे। राजभवन की ओर बढ़ते समय पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी, जिसे तोड़ने की कोशिश पर तेजस्वी यादव, VIP प्रमुख मुकेश सहनी और RJD सांसद मीसा भारती समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। विपक्ष की मांग है कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भोपाल में श्वेत क्रांति 2.0 का ऐलान किया। इसके तहत देश में 75,000 नई डेयरी सहकारी समितियां बनेंगी और 46,000 मौजूदा डेयरियों को मजबूत किया जाएगा। इससे पशुपालकों को बिचौलियों से मुक्ति मिलेगी, दूध का दाम 35 से बढ़कर 55 रुपये लीटर होगा। MP में दूध संग्रहण 12 लाख से 50 लाख लीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज विशाखापत्तनम के HSL शिपयार्ड में भारतीय नौसेना के पहले स्वदेशी Fleet Support Ship 'सूर्य' (FSS-1) को लॉन्च किया। 43,500 टन और 82% स्वदेशी सामग्री वाला यह जहाज समंदर में ही युद्धपोतों को ईंधन, गोला-बारूद और राशन देगा। 19,000 करोड़ की 5 जहाजों की इस सीरीज से हिंद महासागर में नौसेना की ताकत कई गुना बढ़ेगी।
पूर्व पीएम चंद्रशेखर का परिवार 37 साल बाद संसद से बाहर हो गया है। भाजपा ने उनके बेटे नीरज शेखर का राज्यसभा टिकट काट दिया है। उनका कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है। 1962 से चंद्रशेखर और 2007 से नीरज लगातार सदन में थे। 2019 में सपा छोड़ भाजपा में आए नीरज की बलिया में पकड़ कमजोर होने से टिकट कटा।
दिल्ली पुलिस आज INDIA ब्लॉक के EC मार्च में ACP और ऊपर के अफसरों को बॉडी कैमरा लगाकर उतरी है। EC दफ्तर के पास 5-लेयर बैरिकेडिंग और 5000 जवान तैनात हैं। ये फैसला पिछले हफ्ते जंतर-मंतर पर CJP प्रोटेस्ट के बाद लिया गया, जहां महिला पत्रकारों ने पुलिस पर बदसलूकी और उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। पुलिस का कहना है - रिकॉर्डिंग से पारदर्शिता बनी रहेगी।
भारत की पहली स्वदेशी HPV वैक्सीन Cervavac को WHO ने बड़ी मंजूरी दी है। पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट द्वारा बनाई गई इस वैक्सीन को WHO ने Prequalification लिस्ट में शामिल किया है। अब इसे UN एजेंसियां खरीद कर दुनिया के दूसरे देशों में सप्लाई कर सकेंगी। यह 4 तरह के HPV वायरस से बचाती है और 9 से 26 साल के लड़के-लड़कियों को लगाई जा सकती है।
दिल्ली में महिलाओं के लिए फ्री बस सफर का नियम बदल गया है। अब पिंक पेपर टिकट बंद हो गया है। CM रेखा गुप्ता सरकार ने 4 अक्टूबर से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य कर दिया है। कार्ड को बस में टैप करने पर ही सफर फ्री होगा। कार्ड नहीं होने पर टिकट लेना होगा। NCR की महिलाओं को भी फ्री सुविधा नहीं मिलेगी।
UP राज्यसभा चुनाव के लिए BJP ने 8 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। इनमें धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं। लिस्ट में 3 OBC, 2 SC और 2 महिला उम्मीदवार हैं, जबकि हरदीप पुरी और बीएल वर्मा का टिकट कटा है।
वृंदावन में प्रेमानंद जी के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत का नया CCTV सामने आया है। वीडियो में वह खून से सने कपड़ों में चौथे फ्लोर की ओर जाते दिखे। छत पर कुछ देर बैठे, फिर लेटे और अचानक छलांग लगा दी। कमरे से खून से सना ग्राइंडर मिला, पोस्टमॉर्टम में गुप्तांग पर कट मिला, पुलिस जांच जारी है।
गोरखपुर प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुर्सी विवाद में पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी को थप्पड़ मारने के आरोप में सपा ने सख्त एक्शन लिया है। आरोपी नेता अंशुमान सिंह को तुरंत निष्कासित कर दिया गया। इसके बाद अखिलेश यादव के निर्देश पर जिला, महानगर और सभी फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणियां भंग कर दी गईं। पुलिस ने दो FIR दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सुप्रीम कोर्ट ने CEC ज्ञानेश कुमार के निलंबन की मांग खारिज कर दी। CJI सूर्यकांत की बेंच ने कहा- अंतरिम राहत नहीं दे सकते। याचिका में आरोप था कि SIR के 14 फैसले बिना दो अन्य आयुक्तों की सहमति के लिए। कोर्ट ने कहा- उम्मीद है संवैधानिक संस्थाएं आपसी विश्वास से काम करेंगी, मतभेद होना स्वाभाविक है।
दिल्ली-NCR में बढ़ते रेप केस पर सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया। जस्टिस पारदीवाला की बेंच बोली - ऐसा एक्शन लो कि अपराधियों में खौफ रहे। कहा, पार्क, बस, सड़क हाई-रिस्क जोन नहीं बन सकते। आस्था कुंज पार्क गैंगरेप और 47KM चलती बस में नाबालिग से दरिंदगी जैसी घटनाएं निर्भया कांड की याद दिलाती हैं, ये पुलिस-प्रशासन की नाकामी है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने 2020 के दंगों से जुड़े हेट स्पीच मामले में बड़ा फैसला दिया है। कोर्ट ने नेताओं के भड़काऊ भाषणों पर FIR और SIT जांच की मांग वाली सभी 15 याचिकाएं खारिज कर दीं। 5 अक्टूबर को आए इस फैसले से याचिकाकर्ताओं को झटका लगा है। कोर्ट ने कहा अलग FIR का औचित्य नहीं।