कबड्डी के किस्से से अमित शाह ने राहुल को घेरा, बोले - हार के बाद रेफरी को चीटर बताना कांग्रेस की आदत...
करनाल। 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली में गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 7वीं क्लास का कबड्डी किस्सा सुनाया। शाह ने कहा, 7वीं की टीम 9वीं को हराती थी, तो 9वीं वालों ने रेफरी को ही चीटर कह दिया। राहुल भी यही कर रहे हैं। चुनाव हारने के बाद वे चुनाव आयोग को कोस रहे हैं। शाह ने बहस की चुनौती पर कहा, संसद में आइए, विशेष सत्र बुलाने को तैयार हैं।

करनाल। हरियाणा के करनाल में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अपने बचपन का एक किस्सा सुनाकर राहुल गांधी के वोट चोरी और चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को हार का बहाना बताया।अमित शाह ने कहा कि जब वह 7वीं क्लास में पढ़ते थे, तो उनकी टीम कबड्डी में लगातार चैंपियन बनती थी। उनकी टीम 9वीं क्लास के बड़े खिलाड़ियों को भी हरा देती थी। इससे परेशान होकर 9वीं क्लास के खिलाड़ियों ने एक बैठक की। उन्होंने कहा, "9वीं क्लास के खिलाड़ियों ने तय किया कि 7वीं क्लास की टीम को हराना मुश्किल है, तो रेफरी को ही चीटर कह दिया जाए। इससे उनकी जीत पक्की हो जाएगी।"
शाह ने इसी किस्से को राहुल गांधी से जोड़ते हुए कहा, "लगता है राहुल गांधी ने उन छात्रों की तरकीब सुन ली है।" उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद देश में जहां भी चुनाव हुए, वहां जनता ने कांग्रेस और राहुल गांधी को हराया। इसके बाद राहुल गांधी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने लगे।गृह मंत्री ने कहा कि चुनाव हारने के बाद रेफरी को चीटर बताना अब कांग्रेस की आदत बन गई है। पहले ईवीएम पर सवाल उठाए गए, फिर एसआईआर पर और अब वोट चोरी का आरोप लगाया जा रहा है। शाह ने कहा कि जनता का फैसला स्वीकार करने के बजाय राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।
रैली में शाह ने राहुल गांधी को खुली चुनौती भी दी। राहुल गांधी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी थी। इस पर शाह ने कहा, "राहुल जी, मोदी जी से बहस के लिए आपको पत्र लिखने की जरूरत नहीं है। अगर बहस ही करनी है तो संसद में आइए। हम संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार हैं। वहीं हर मुद्दे पर बहस होगी। झूठ फैलाना बंद कीजिए।" शाह ने कहा कि राहुल गांधी संसद की कार्यवाही बाधित कर बाहर झूठ फैलाते हैं। अगर उनमें हिम्मत है तो संसद में आकर चर्चा करें। बीजेपी हर सवाल का जवाब देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संसद का अपमान किया है और अब चुनाव आयोग का भी अपमान कर रही है।
गृह मंत्री ने हरियाणा की जनता से कहा कि कांग्रेस का काम सिर्फ भ्रम फैलाना रह गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष विकास की बात करने के बजाय अराजकता फैलाना चाहता है। शाह ने लोगों से अपील की कि वे ऐसे झूठे आरोपों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि देश की जनता समझदार है। वह जानती है कि कौन काम कर रहा है और कौन सिर्फ आरोप लगा रहा है। रैली में मौजूद कार्यकर्ताओं ने शाह के भाषण पर जमकर तालियां बजाईं। वहीं, कांग्रेस ने शाह के बयान पर पलटवार किया है। कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी वोट चोरी का मुद्दा सबूतों के साथ उठा रहे हैं और सरकार सवालों से भाग रही है।
कांग्रेस ने कहा कि अगर सरकार को डर नहीं है तो वह बहस से क्यों भाग रही है। फिलहाल करनाल की रैली से शुरू हुआ यह 'रेफरी और चीटर' वाला बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। राजनीतिक हलकों में इसे आने वाले चुनावों से पहले बड़ा मुद्दा माना जा रहा है।
विषय




