पंजाब में राहुल का BJP-AAP पर डबल अटैक, बोले -'अमित शाह का 3 साल वाला प्लान फेल, सरकार 12 महीने की...'
पंजाब के संगरूर की इंसाफ रैली से राहुल गांधी ने 2027 का शंखनाद किया। सिद्धू मूसेवाला को याद कर नशे का मुद्दा उठाते हुए राहुल ने CM भगवंत मान पर निशाना साधा और कहा लोकसभा में सुबह 11 बजे तक उनसे शराब की महक आती थी। सबसे बड़ा हमला अमित शाह पर किया। शाह के 3 साल में नशा खत्म करने के वादे पर तंज कसते हुए राहुल बोले - "वह खुद गृह मंत्री नहीं रहेंगे, सरकार एक साल में निपट जाएगी।"

पंजाब के संगरूर में कांग्रेस की इंसाफ रैली से 2027 विधानसभा चुनाव का शंखनाद हो गया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यहां भगवंत मान सरकार और केंद्र की मोदी सरकार दोनों पर जमकर हमला बोला। इस दौरान राहुल गांधी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार एक साल के अंदर ही निपट जाएगी। रैली की शुरुआत राहुल ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को याद करके की और उनके पिता को मंच पर बुलाया। राहुल ने कहा कि पंजाब में नशे का साम्राज्य खत्म किए बिना कांग्रेस चैन से नहीं बैठेगी। उन्होंने याद दिलाया कि जब अकाली सरकार थी, तब उन्होंने कहा था कि पंजाब में नशा फैल रहा है और आज स्थिति बदतर हो गई है।
राहुल ने कहा, "अगर रोजगार नहीं होगा, खेती नहीं होगी तो पंजाब में नशा फैलता रहेगा।" उन्होंने परविंदर सिंह झोटा की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाना अब पंजाब में जानलेवा बन गया है। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निजी हमला भी किया। उन्होंने कहा, "मैं उनके साथ लोकसभा में था। वह हमारे साथ बैठते थे, चुटकुले सुनाते थे। सुबह 11 बजे तक ही उनकी सांसों से शराब की महक आने लगती थी।" हालांकि उन्होंने तुरंत जोड़ा, "मैं यह नहीं कह रहा कि मान को शराब नहीं पीनी चाहिए, यह उनका निजी मामला है। लेकिन अगर आपको नशे से लड़ना है तो ऐसी सीएम नहीं चलेगी जो हर शाम नशा करे।" राहुल ने मान के जिले संगरूर में नशे के खिलाफ बोलने वाले मोहनजीत सिंह और मजदूर गुलजार सिंह के मामलों का भी जिक्र किया।
रैली का सबसे तीखा हमला गृह मंत्री अमित शाह पर था। राहुल ने मंच से पूछा कि शाह ने नशा खत्म करने की क्या तारीख दी है? नेताओं ने बताया तीन साल। इस पर राहुल ने तंज कसते हुए कहा, "तीन साल तक तो वह खुद गृह मंत्री नहीं रहेंगे। मेरा अंदाजा है कि वह तो एक साल में निपट जाएंगे।" उन्होंने आरोप लगाया कि शाह गुजरात के अडानी पोर्ट पर पकड़े गए हजारों किलो नशे पर चुप हैं और गैंगस्टरों को जेल में VIP सुरक्षा दे रहे हैं। राहुल ने मणिपुर हिंसा पर भी केंद्र की चुप्पी पर सवाल उठाया। राहुल ने 5 मिनट के चैलेंज का भी जिक्र किया और कहा कि केंद्र सरकार अपराध पर भाषण देने की बजाय देश के असली मुद्दों पर जवाब दे। रैली में खड़गे और सचिन पायलट ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
विषय




