धामी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का महा-आंदोलन, 23 अक्टूबर से शुरू होगी न्याय यात्रा, घेराव का ऐलान
कांग्रेस 23 से 25 अक्टूबर तक उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 'न्याय यात्रा' निकालेगी। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने देहरादून में ऐलान किया। मुख्य मुद्दा अंकिता भंडारी केस में न्याय और VIP की भूमिका की जांच है। इसके अलावा पेपर लीक, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और बेरोजगारी के मुद्दे उठाए जाएंगे। 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव और 1 नवंबर को वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली में प्रदर्शन भी होगा।

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने धामी सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। पार्टी 23 से 25 अक्टूबर तक (कुछ जगह 22 से शुरू) पूरे प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक साथ 'न्याय यात्रा' निकालेगी। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और AICC महासचिव कुमारी सैलजा ने देहरादून में हरिद्वार बाईपास रोड स्थित होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कुमारी सैलजा ने साफ कहा कि यह सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई है। मुख्य मुद्दे ये हैं:
अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय: कांग्रेस का आरोप है कि इस केस में VIP की भूमिका की जांच नहीं हो रही है। 14 अक्टूबर को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की थी और राहुल ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। भ्रष्टाचार और पेपर लीक: भर्ती घोटाले, पेपर लीक, जमीनों की नीलामी और धांधली के मामले। महिला सुरक्षा और बेरोजगारी: बढ़ते अपराध, पलायन और युवाओं के भविष्य का मुद्दा। हरक सिंह रावत के मुताबिक कांग्रेस चार दिशाओं से यात्रा निकालने की योजना पर भी काम कर रही है - धारचूला, हरिद्वार, चकराता-पुरोला, उधम सिंह नगर और नैनीताल से अलग-अलग टोलियां निकलेंगी, जिसका समापन बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चढ़ाकर न्याय की गुहार के साथ होगा। उसके बाद हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर समापन का प्रस्ताव है।
23-25 अक्टूबर: सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा। हर विधानसभा में स्थानीय नेता और कार्यकर्ता पदयात्रा, नुक्कड़ सभा और जनसंपर्क करेंगे। 27 अक्टूबर: गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा घेराव। 1 नवंबर: वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली कूच, रामलीला मैदान में देशव्यापी प्रदर्शन। 4 नवंबर: उन जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन जहां जमीन नीलामी और भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं। सैलजा ने कहा, "जब तक अंकिता के परिवार को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। यह बेटी के सम्मान और उत्तराखंड के स्वाभिमान की लड़ाई है।" दूसरी तरफ भाजपा का कहना है कि कांग्रेस चुनाव देखकर यात्रा निकाल रही है, जबकि सरकार ने अंकिता केस में दोषियों को सजा दिलाई है। बहरहाल, इस न्याय यात्रा से कांग्रेस 2027 से पहले कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और पहाड़ से मैदान तक माहौल बनाने की कोशिश में है।
विषय




