कैंची धाम घूमने का प्लान है? जान लो नया नियम, नहीं तो सीज होगी बाइक और लगेगा भारी जुर्माना
कैंची धाम में जाम पर नैनीताल SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने विशेष अभियान में 258 चालान किए और 73 वाहन सीज किए, जिनमें 72 बाइकें हैं। 5 लाइसेंस निरस्त और 47 हजार जुर्माना वसूला गया। अब पीली नंबर प्लेट वाली टैक्सी बाइक पर्यटक खुद नहीं चला सकेंगे, ड्राइवर अनिवार्य है। बिना रेंटल परमिट के बाइक किराए पर देने वालों पर भी कार्रवाई होगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नैनीताल में जाम और अव्यवस्थित ट्रैफिक से परेशान लोगों के लिए बड़ी खबर है। कैंची धाम में लग रहे भीषण जाम और पर्यटकों द्वारा किराए की बाइकों के गलत इस्तेमाल पर SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने 24 घंटे के विशेष अभियान में 258 चालान और 73 वाहनों को सीज कर दिया है, जिसमें 72 मोटरसाइकिलें हैं। यह कार्रवाई सिर्फ चालान तक सीमित नहीं रही। पुलिस ने 5 ड्राइविंग लाइसेंस और परमिट निरस्त कर दिए और मौके पर ही 47 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला। नैनीताल पुलिस ने साफ कर दिया है कि पीली नंबर प्लेट वाली टैक्सी बाइक को पर्यटक खुद नहीं चला सकते।
नियमों के मुताबिक, टैक्सी परमिट वाले दोपहिया वाहन के साथ अधिकृत ड्राइवर का होना जरूरी है। अगर कोई पर्यटक खुद टैक्सी बाइक चलाते पकड़ा गया तो यह परमिट शर्तों का सीधा उल्लंघन माना जाएगा और वाहन सीज कर दिया जाएगा। पुलिस का कहना है, "केवल वाहन पर टैक्सी की नंबर प्लेट लगा देना काफी नहीं है, उसके साथ ड्राइवर की व्यवस्था अनिवार्य है।" साथ ही जो सफेद नंबर प्लेट वाली निजी बाइकों को अवैध रूप से किराए पर दे रहे थे, उन पर भी शिकंजा कसा गया है। काली नंबर प्लेट, पीले अक्षर वाले सेल्फ-ड्राइव वाहनों के लिए भी वैध रेंटल परमिशन जरूरी है। बिना परमिशन के ऐसे वाहन किराए पर देने वालों पर भी कार्रवाई होगी। पिछले कुछ दिनों से कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रोजाना हजारों भक्त बाबा नीम करौली के दर्शन को पहुंच रहे हैं। वहीं नैनीताल, भीमताल, भवाली में टूरिस्ट सीजन पीक पर है।
पुलिस जांच में सामने आया कि जाम की एक बड़ी वजह किराए पर दी जा रही ये बाइकें हैं। पर्यटक बिना ट्रैफिक नियम जाने, गलत साइड और ओवरस्पीड में बाइक चला रहे थे, जिससे जाम और एक्सीडेंट दोनों बढ़ रहे थे। इसको लेकर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की बैठक में भी निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद SSP ने यह महा-अभियान शुरू किया। एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के सुपरविजन में यह अभियान चलाया गया। सीपीयू हल्द्वानी: 24 वाहन सीज, यातायात हल्द्वानी: 9 वाहन सीज, यातायात भीमताल / भवाली / कैंचीधाम: 9 वाहन सीज, विभिन्न थाना पुलिस: 224 नगद चालान। SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा है कि "पर्यटन के नाम पर मनमानी नहीं चलेगी। नैनीताल जैसे संवेदनशील शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। नियम तोड़ने वालों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।"
विषय




