US Midterm Election: हार के बाद ट्रंप ने झाड़ा पल्ला, कहा- मैं मैदान में नहीं था वरना...
मिडटर्म चुनाव में हार के बाद डोनाल्ड ट्रंप का पहला रिएक्शन आया है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मैं बैलेट पर नहीं था और अगर होता तो हम बड़े अंतर से जीतते।" न्यूयॉर्क टाइम्स से उन्होंने कहा कि वो नतीजे स्वीकार करने को तैयार हैं और डेमोक्रेट्स के साथ काम करेंगे। चुनाव प्रचार में ट्रंप ने कहा था कि वोट डालते समय सोचें उम्मीदवार वो खुद हैं, अब हार के बाद सोशल मीडिया पर उनके बयान का मजाक उड़ रहा है।

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव 2026 में डेमोक्रेट्स की बड़ी जीत और रिपब्लिकन पार्टी के बुरी तरह पिछड़ने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पहला रिएक्शन सामने आ गया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर दावा किया है कि अगर वो खुद बैलेट पर होते तो उनकी पार्टी लैंडस्लाइड जीत हासिल करती। ट्रंप ने 3 नवंबर की रात 10:37 बजे पोस्ट किया, "I wasn't on the Ballot and if I was, we would have won IN A LANDSLIDE! Thank you for your attention to this matter. President DONALD J. TRUMP." इसका हिंदी में मतलब है, "मैं बैलेट पर नहीं था और अगर होता तो हम बड़े अंतर से जीतते। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।"
ट्रंप ने सिर्फ ट्रुथ सोशल पर ही नहीं, न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वो मिडटर्म चुनाव के नतीजे स्वीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ट्रंप ने कहा, "मैं इन नतीजों को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। हम डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करेंगे। उनके साथ काम करने को लेकर हम उत्साहित हैं। उम्मीद है कि हम कोई रास्ता निकाल लेंगे।" ट्रंप के इस बयान पर सोशल मीडिया पर जमकर मजाक उड़ रहा है। लोगों का कहना है कि चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप ने ही मतदाताओं से अपील की थी कि वोट डालते समय ऐसा समझें कि उम्मीदवार वो खुद हैं। अब हार के बाद वो खुद को अलग कर रहे हैं और ठीकरा रिपब्लिकन उम्मीदवारों पर फोड़ रहे हैं।
अमेरिका में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी 435 सीटों और सीनेट की 35 सीटों पर चुनाव हुए थे। शुरुआती रुझानों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने हाउस में 190+ सीटों पर बढ़त के साथ बहुमत के लिए जरूरी 218 का आंकड़ा पार करने के करीब है, जबकि रिपब्लिकन 115 सीटों पर सिमट गए हैं। सीनेट में भी डेमोक्रेट्स ने 51 सीटों का बहुमत हासिल कर लिया है। इस हार के बाद ट्रंप की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाउस में डेमोक्रेट्स का बहुमत मतलब ट्रंप पर तीसरी बार महाभियोग का खतरा। अपने पहले कार्यकाल में उन पर दो बार महाभियोग चल चुका है। इसके अलावा डेमोक्रेट्स को सदन की समितियों का नियंत्रण मिलने से ट्रंप प्रशासन की जांच के रास्ते खुल जाएंगे, उनका विधायी एजेंडा रुक जाएगा और जजों की नियुक्ति में भी अड़ंगा लगेगा।
विषय




