तेज प्रताप को सता रहा जान का खतरा, केंद्र और बिहार सरकार से बोले - एक सुरक्षाकर्मी से नहीं चलेगा काम...
तेज प्रताप यादव ने रियलिटी शो 'Rise and Fall 2' के बाद बढ़ी भीड़ को लेकर सरकार से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। X पर पोस्ट कर उन्होंने कहा, "जहां जाता हूं, भीड़ घेर लेती है," जिससे अप्रिय घटना का खतरा है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार ने सिर्फ एक सुरक्षाकर्मी दिया है, जो भारी भीड़ के सामने बेबस है। हथियार छीने जाने का भी खतरा बताया। केंद्र और राज्य सरकार को कई बार मौखिक-लिखित अनुरोध के बाद भी सुरक्षा नहीं बढ़ी।

पटना: जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर अपनी सुरक्षा को लेकर सरकार से गुहार लगाई है। तेज प्रताप का कहना है कि अमेजन प्राइम के रियलिटी शो 'Rise and Fall 2' में हिस्सा लेने के बाद से उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ है। अब वह जहां भी जाते हैं, लोगों की भारी भीड़ उन्हें घेर लेती है। तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा पत्र साझा करते हुए केंद्र सरकार और बिहार सरकार दोनों से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
उन्होंने लिखा, "रियलिटी शो 'Rise and Fall 2' में काम करके लौटने के बाद से मेरी लोकप्रियता में काफी वृद्धि हुई है। आज मैं जहां भी जाता हूं, वहां बड़ी संख्या में लोग मुझसे मिलने और मेरे साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए एकत्रित हो जाते हैं। कई बार भारी भीड़ मुझे चारों तरफ से घेर लेती है, जिससे मेरी व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी रहती है।" तेज प्रताप ने चिंता जताई कि वर्तमान में बिहार सरकार द्वारा उन्हें केवल एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है। सार्वजनिक जगहों पर उमड़ने वाली हजारों की भीड़ के सामने एक अकेला सुरक्षाकर्मी बेबस हो जाता है।
उन्होंने आगे लिखा, "जिस तरह से सार्वजनिक स्थानों पर भारी भीड़ मुझे चारों तरफ से घेर लेती है, उससे न केवल मेरी सुरक्षा को खतरा है, बल्कि मेरे साथ तैनात एकमात्र सुरक्षाकर्मी की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।" तेज प्रताप ने एक गंभीर आशंका भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में भीड़ उनके सुरक्षाकर्मी को भी घेर सकती है, उसके साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है, या फिर उसका सरकारी हथियार छीनने जैसी गंभीर घटना भी हो सकती है। तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि उन्होंने इस मामले को लेकर कई बार सरकार को अवगत कराया है। उन्होंने कहा, "मैं इस संबंध में केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार को कई बार मौखिक रूप से अवगत करा चुका हूं।
इसके अतिरिक्त, पत्र के माध्यम से भी अपनी सुरक्षा को लेकर अनुरोध कर चुका हूं, लेकिन अभी तक मेरी सुरक्षा व्यवस्था में कोई आवश्यक वृद्धि नहीं की गई है।" उन्होंने सरकार से सीधा सवाल पूछा, "मैं सरकार से पुनः पूछना चाहता हूं कि यदि भविष्य में मेरे साथ अथवा मेरे सुरक्षाकर्मी के साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या सरकार किसी अनहोनी का इंतजार कर रही है?" तेज प्रताप ने स्पष्ट किया कि वह कोई वीआईपी सुविधा या विशेष प्रोटोकॉल नहीं मांग रहे हैं। उनकी मांग सिर्फ अपनी और अपने सुरक्षाकर्मी की जान की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम की है।
उन्होंने लिखा, "मैं केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार से पुनः आग्रह करता हूं कि मेरी वर्तमान लोकप्रियता, सार्वजनिक कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा संबंधी गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए इस मामले को तत्काल संज्ञान में लिया जाए तथा मुझे पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।" उन्होंने लिखा, "मैं केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार से पुनः आग्रह करता हूं कि मेरी वर्तमान लोकप्रियता, सार्वजनिक कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा संबंधी गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए इस मामले को तत्काल संज्ञान में लिया जाए तथा मुझे पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।"
विषय




