Microsoft-Google के बाद Meta भी दे रही Voluntary Exit, जानिए कितना मिलेगा पैसा
Meta ने फ्रांस में अपने 300 में से करीब 100 कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का ऑफर दिया है। इसके तहत हर साल की सर्विस पर 2.15 महीने की सैलरी मिलेगी। साथ ही 10 महीने की मोबिलिटी लीव पर 80% सैलरी भी दी जाएगी। आवेदन की आखिरी तारीख 5 नवंबर है। Microsoft और Google के बाद Meta भी AI निवेश के चलते लागत कम कर रही है।

टेक दुनिया में एक बार फिर बड़ी हलचल मच गई है। फेसबुक और इंस्टाग्राम की पेरेंट कंपनी Meta ने अपने कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का मौका देने का फैसला किया है। कंपनी Microsoft और Google की राह पर चलते हुए अपने कर्मचारियों के लिए Voluntary Exit Package लेकर आई है। इस पैकेज की सबसे बड़ी खासियत इसका जबरदस्त ऑफर है, जिसमें हर साल की नौकरी के बदले 2.15 महीने की सैलरी दी जाएगी। फ्रेंच प्रकाशन La Lettre की रिपोर्ट के मुताबिक, Meta अपनी फ्रांस यूनिट में करीब 100 कर्मचारियों को स्वेच्छा से कंपनी छोड़ने का विकल्प दे रही है।
फ्रांस में Meta के कुल करीब 300 कर्मचारी काम करते हैं, यानी लगभग एक-तिहाई स्टाफ इस योजना से प्रभावित हो सकता है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि किन-किन विभागों या पदों के लोग इस दायरे में आएंगे। Meta का यह प्लान फ्रांस के खास लेबर कानून के तहत लाया जा रहा है, जिसे Rupture Conventionnelle Collective (RCC) कहा जाता है। यह एक सामूहिक समझौता है, जिसके तहत कंपनी और कर्मचारी आपसी सहमति से नौकरी खत्म करने पर राजी होते हैं। इसमें कंपनी को आर्थिक कारण साबित करने या औपचारिक छंटनी की प्रक्रिया अपनाने की जरूरत नहीं पड़ती।
Microsoft और Google से यह अलग है, क्योंकि वहां कर्मचारियों को व्यक्तिगत तौर पर फैसला लेने का मौका दिया गया था, जबकि Meta का प्लान सामूहिक समझौते पर आधारित है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना के लिए बातचीत जुलाई महीने से चल रही थी। प्रस्तावित शर्तों के अनुसार, जो कर्मचारी स्वेच्छा से कंपनी छोड़ेंगे, उन्हें हर साल की सर्विस के बदले 2.15 महीने की सैलरी के बराबर मुआवजा मिलेगा। उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी ने Meta में 5 साल काम किया है, तो उसे करीब 10.75 महीने की सैलरी के बराबर का पैकेज मिलेगा।
10 साल काम करने वाले को करीब 21.5 महीने की सैलरी मिल सकती है। यह पैकेज टेक इंडस्ट्री में अब तक के सबसे आकर्षक पैकेजों में से एक माना जा रहा है। इतना ही नहीं, कर्मचारियों को 10 महीने तक की Mobility Leave भी दी जाएगी। इस दौरान उन्हें उनकी ग्रॉस सैलरी का 80 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। इस दौरान वे नई नौकरी की तलाश कर सकेंगे, री-ट्रेनिंग ले सकेंगे या अपना खुद का बिजनेस शुरू करने की तैयारी कर सकेंगे। जो कर्मचारी इस योजना का हिस्सा बनना चाहते हैं, उन्हें 5 नवंबर तक आवेदन करना होगा। इसके बाद कंपनी अंतिम फैसला लेगी।
Meta की फ्रेंच यूनिट ने इस रिपोर्ट पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। दरअसल, बड़ी टेक कंपनियां इन दिनों Artificial Intelligence (AI) में भारी निवेश कर रही हैं। AI पर खर्च बढ़ने के कारण कंपनियां अपनी लागत कम करने और टीमों का पुनर्गठन करने में जुटी हैं। Microsoft और Google भी पहले से ही इसी तरह के Voluntary Exit ऑफर दे चुके हैं। Meta के दुनियाभर में करीब 66,000 कर्मचारी हैं। अभी यह साफ नहीं है कि क्या कंपनी इस तरह का ऑफर दूसरे देशों में भी लाएगी या यह सिर्फ फ्रांस तक ही सीमित रहेगा।
फिलहाल फ्रांस के कर्मचारियों के लिए यह एक बड़ा फैसला है। एक तरफ मोटा पैकेज और 10 महीने की सैलरी के साथ छुट्टी का मौका है, तो दूसरी तरफ एक स्थिर नौकरी छोड़ने का जोखिम। अब देखना होगा कि कितने कर्मचारी इस ऑफर को अपनाते हैं।




