यादव समाज में आक्रोश! भगवान कृष्ण को बताया लंपट? धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ थाने पहुंचे पप्पू यादव
बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री भगवान कृष्ण पर टिप्पणी को लेकर विवादों में घिर गए हैं। वायरल वीडियो में कृष्ण की लीलाओं पर चुटकी लेने का आरोप है। इससे यादव समाज में नाराजगी है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव समर्थकों के साथ पटना कोतवाली थाने पहुंचे और FIR की मांग की। उन्होंने कहा, कृष्ण यादवों के आराध्य हैं, अपमान बर्दाश्त नहीं। पुलिस ने आवेदन लिया है, जांच जारी है।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए एक बयान पर बवाल मच गया है। अब पूर्णिया से सांसद और जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कराने के लिए थाने पहुंच गए हैं। दरअसल, हाल ही में एक कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान कृष्ण के प्रेम प्रसंग और उनकी लीलाओं को लेकर कुछ ऐसी टिप्पणी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह कृष्ण के गोपियों के साथ संबंध और उनके विवाह को लेकर चुटकी लेते हुए नजर आ रहे हैं।
इस बयान के बाद यादव समाज और कृष्ण भक्तों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि एक कथावाचक होकर भगवान कृष्ण का अपमान करना गलत है। इस मुद्दे पर पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री पर जमकर निशाना साधा है। पप्पू यादव बुधवार को अपने समर्थकों के साथ पटना के कोतवाली थाने पहुंचे और धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। पप्पू यादव ने कहा, "धीरेंद्र शास्त्री ढोंगी बाबा है। इसने भगवान श्रीकृष्ण जो हम यादवों के आराध्य हैं, करोड़ों हिंदुओं के भगवान हैं, उनका अपमान किया है। कृष्ण को लंपट और लफंगा बताया है। हम ये बर्दाश्त नहीं करेंगे। बिहार पुलिस तुरंत इसके खिलाफ FIR दर्ज करे और इसे गिरफ्तार करे।"
उन्होंने आगे कहा कि धीरेंद्र शास्त्री सनातन धर्म को बदनाम कर रहे हैं और सिर्फ TRP के लिए भगवानों पर अभद्र टिप्पणी करते हैं। इस मामले के बाद सोशल मीडिया पर भी जंग छिड़ गई है। एक तरफ बागेश्वर धाम के समर्थक कह रहे हैं कि धीरेंद्र शास्त्री के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। उन्होंने कृष्ण की लीलाओं का ही वर्णन किया था। वहीं दूसरी तरफ यादव समाज के लोग और विपक्षी नेता धीरेंद्र शास्त्री से माफी की मांग कर रहे हैं। तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी जैसे नेताओं ने भी इस बयान की निंदा की है।
ये पहली बार नहीं है जब धीरेंद्र शास्त्री विवादों में आए हैं। इससे पहले भी वह संत तुकाराम, साईं बाबा और शंकराचार्य पर टिप्पणी को लेकर घिर चुके हैं। हालांकि हर बार उनके समर्थक उनके बचाव में आ जाते हैं। फिलहाल पुलिस ने पप्पू यादव का आवेदन ले लिया है और मामले की जांच की बात कही है। FIR दर्ज होगी या नहीं, ये जांच के बाद ही तय होगा। लेकिन इस घटना ने बिहार में एक बार फिर धर्म और जाति की सियासत को गरमा दिया है। बागेश्वर धाम की तरफ से अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक सफाई नहीं आई है।
विषय




