चांदी के मुकुट में नजर आए अनंत सिंह, बोले- पार्टी बनाएंगे लेकिन बाद में...
पटना से प्रयागराज जाते समय अनंत सिंह का बक्सर में भव्य स्वागत हुआ। समर्थकों ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया। उनका काफिला 100 से ज्यादा गाड़ियों का था।अनंत सिंह अपने दोस्त पप्पू सलमान के बेटे की शादी में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेटी की शादी का न्योता देने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के घर भी जाएंगे। नई पार्टी पर बोले, पार्टी बनाएंगे लेकिन बाद में। विधानसभा नोटिस का जवाब शादी के बाद देंगे। सुप्रीम कोर्ट ने 4 दिसंबर तक सरेंडर का समय दिया है।

बिहार की राजनीति में इन दिनों मोकामा के विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। जेडीयू से निष्कासन, दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से सरेंडर का आदेश और विधानसभा सदस्यता पर नोटिस, इन सबके बीच अनंत सिंह का अंदाज वही पुराना दिखा। बेफिक्र, बेबाक और समर्थकों के बीच घिरे हुए।शुक्रवार को जब अनंत सिंह पटना से प्रयागराज के लिए निकले तो उनका काफिला देखने लायक था। करीब 100 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला उनके साथ चल रहा था। रास्ते में बख्तियारपुर, आरा और बक्सर समेत कई जगहों पर समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। बक्सर पहुंचते ही माहौल पूरी तरह बदल गया। टोल प्लाजा पर पहले से ही सैकड़ों समर्थक उनका इंतजार कर रहे थे।
जैसे ही अनंत सिंह की गाड़ी बक्सर पहुंची, समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया। मुकुट पहनते ही समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। अनंत सिंह ने भी हाथ उठाकर सभी का अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह प्यार और सम्मान ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। बक्सर में अनंत सिंह सहजानंद सरस्वती आश्रम भी पहुंचे। वहां उन्होंने सहजानंद सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और नमन किया। आश्रम में भी लोगों की भारी भीड़ उन्हें देखने के लिए जुटी रही। मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने बताया कि वे अपने पुराने और करीबी दोस्त पप्पू सलमान के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए प्रयागराज जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पप्पू सलमान से उनकी करीब 35 साल पुरानी दोस्ती है। घरेलू संबंध है। दोस्त के इकलौते बेटे की शादी है, इसलिए जाना जरूरी है। उन्होंने कहा, "मेरा आदमी सिर्फ बिहार में नहीं है, पूरे देश में है। दोस्ती निभाना मेरा फर्ज है।" अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में भी जुटे हैं। उनकी बेटी की शादी 25 नवंबर को है। इसी सिलसिले में वे जगह-जगह जाकर लोगों को न्योता दे रहे हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे लालू प्रसाद यादव को भी न्योता देने जाएंगे, तो उन्होंने साफ कहा, "हां, जाएंगे। सबको कार्ड देंगे। सभी को न्योता देंगे।" उन्होंने कहा कि वे लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव समेत सभी नेताओं के घर जाकर बेटी की शादी का कार्ड देंगे।
उन्होंने कहा, "नेतागिरी अपनी जगह है और बेटी की शादी अपनी जगह। शादी में सभी को बुलाएंगे। जिसे आना होगा, आएगा।" निशांत कुमार और ललन सिंह को न्योता देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कुछ नहीं जानते, लेकिन सबको न्योता देने की कोशिश करेंगे। जेडीयू से निष्कासन के बाद नई पार्टी बनाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि पार्टी जरूर बनाएंगे, लेकिन यह बाद की बात है। फिलहाल उनका पूरा ध्यान बेटी की शादी और दोस्तों- करीबियों से मिलने पर है। बिहार विधानसभा सचिवालय की ओर से उन्हें 7 दिनों के भीतर सदस्यता समाप्त होने के मामले में जवाब देने का नोटिस मिला है। इस पर अनंत सिंह ने कहा, "जवाब शादी के बाद दूंगा। पहले अपना काम करूंगा, उसमें कोई दिक्कत नहीं है।"
वहीं सरेंडर को लेकर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का समय दिया है। गलत जानकारी मीडिया में चलाई गई थी। उन्होंने कहा कि बेटी की शादी के बाद अगर जेल जाना पड़ा तो खुशी-खुशी चले जाएंगे। कुल मिलाकर सरेंडर से पहले अनंत सिंह का यह दौरा शक्ति प्रदर्शन की तरह देखा जा रहा है। चांदी का मुकुट, 100 गाड़ियों का काफिला और लालू के घर जाने का ऐलान, बिहार की राजनीति में एक बार फिर अनंत सिंह को चर्चा के केंद्र में ले आया है।




