राम मंदिर चंदा चोरी पर अखिलेश का तंज, बोले- भिखारी भी ऐसी चोरी नहीं करता...
अखिलेश यादव ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों मिलकर देश को धोखा दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग और बीजेपी वोट चोरी कर रहे हैं। राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि मंदिर के बाहर भिखारी भी चोरी नहीं करता, बीजेपी ने राम मंदिर में भी चोरी करा दी। उन्होंने कहा कि जो चंदा चोरी कर सकते हैं वो वोट भी चोरी कर सकते हैं। इस बार बीजेपी हर हाल में हारेगी, भगवान खुद हराएंगे।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बीते दिनों बलिया में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे. वहीं से उन्होंने बीजेपी और योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला. अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग और बीजेपी की मिलीभगत से लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है. उन्होंने कहा, "मर्यादा का पहला नाम प्रभु राम है और दूसरा नाम संविधान है. पहले आस्था और मर्यादा से खिलवाड़ किया, अब लोकतंत्र और संविधान से खिलवाड़ करना चाहते हैं." अखिलेश ने SIR यानी वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भी चुनाव आयोग को घेरा. उन्होंने CJP के 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन और 16 अक्टूबर को प्रस्तावित 'लहरा दो तिरंगा' मार्च को नैतिक समर्थन देने का ऐलान भी किया है.
अखिलेश यादव का सबसे बड़ा हमला राम मंदिर के चढ़ावा चोरी विवाद को लेकर रहा. उन्होंने कहा कि मंदिर के बाहर बैठा भिखारी भी चढ़ावा चोरी नहीं करता, लेकिन बीजेपी ने राम मंदिर में भी चोरी करा दी. सपा चीफ ने कहा, "जो चढ़ावा चोरी कर सकते हैं, वो हमारा वोट क्यों नहीं चोरी कर सकते, सांसद क्यों नहीं चोरी कर सकते. इसलिए हमें बहुत सावधान रहना पड़ेगा." अखिलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार इस मामले को दबा रही है. बड़े नामों को बचाया जा रहा है और छोटे कर्मचारियों को जेल में डाला जा रहा है. उन्होंने कहा कि चंपत राय के 9 पन्नों के पत्र से भी मंदिर निर्माण में भारी भ्रष्टाचार और मनमानी सामने आई है. अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 में INDIA गठबंधन ने बीजेपी को अयोध्या में हराया था, अब 2027 में भी हराएंगे. उन्होंने दावा किया कि अयोध्या की जमीनें लेकर लोगों को सही मुआवजा नहीं दिया गया, इसलिए 2024 में हारे और अब चंदा चोरी से 2027 का विधानसभा चुनाव हारेंगे.
उन्होंने कहा, "इस बार बीजेपी को न चंदा मिलेगा, न दान मिलेगा, न वोट मिलेगा. राम मंदिर चंदा चोरी करने वालों को खुद भगवान हराएंगे." अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती नहीं, बल्कि राजनीतिक सलाह दी. उन्होंने कहा कि अगर सीएम को अयोध्या पर इतना ही भरोसा है तो उन्हें वहीं से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए. 15 दिन में दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा. साथ ही उन्होंने कहा कि सैफई में केदारेश्वर धाम बनने के बाद वह पार्टी नेताओं के साथ राम लला के दर्शन करने जाएंगे.




