फ्लाइट से हिरासत के बाद गरजा CJP, बोला- दीपके की हिरासत के बाद भी नहीं रुकेगा जंतर-मंतर मार्च...
फ्लाइट से उतरते ही अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। CJP ने इसे "तानाशाहीपूर्ण और पहले से तय कार्रवाई" बताया और आवाजाही की स्वतंत्रता का उल्लंघन करार दिया। पार्टी ने तीनों की तुरंत बिना शर्त रिहाई की मांग की और ऐलान किया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और देशभर का आंदोलन किसी भी हाल में रुकेगा नहीं।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की हिरासत के बाद संगठन ने बड़ा बयान जारी किया है। CJP ने साफ कहा है कि नेताओं की मौजूदगी हो या नहीं, देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। शनिवार सुबह अभिजीत दीपके, को-कन्वीनर सौरव दास और आशुतोष रांका मुंबई से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे थे। जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन से ठीक पहले दिल्ली पुलिस ने तीनों को फ्लाइट के अंदर से ही हिरासत में ले लिया।
पुलिस की करीब दो दर्जन महिला पुलिसकर्मियों की टीम विमान के अंदर गई और तीनों को बाहर आने को कहा। इस दौरान दीपके ने खुद इंस्टाग्राम लाइव करके वीडियो जारी किया। वीडियो में वह कहते सुनाई दे रहे हैं, "मैं अरेस्ट होने के लिए ही आया हूं। कर लो अरेस्ट"। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस उनके साथ अपराधी जैसा व्यवहार कर रही है और यह अराजकता है। दीपके ने अपनी हिरासत की तुलना इमरजेंसी से करते हुए कहा, "30 साल के युवाओं को सीधे प्लेन से उठाना, ऐसा तो इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी में भी नहीं किया था"।
हिरासत के तुरंत बाद CJP ने आधिकारिक बयान जारी किया। पार्टी ने कहा, "वह आज दिल्ली में फ्लाइट से उतरते ही अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को तानाशाहीपूर्ण तरीके से हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा करती है"। बयान में आगे कहा गया, "दिल्ली पुलिस की इस पहले से तय कार्रवाई का मकसद आज के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों के नेताओं को प्रदर्शन स्थल तक पहुँचने से पहले ही रोकना और कमज़ोर करना है। CJP आने-जाने की आज़ादी के इस खुले उल्लंघन की निंदा करती है और दीपके, दास व रंका की तुरंत और बिना शर्त रिहाई की मांग करती है"।
CJP ने इसे "pre-planned interception" बताया और कहा कि इसका उद्देश्य नेतृत्व को प्रदर्शन से पहले ही खत्म करना है। संगठन ने इसे आवाजाही की स्वतंत्रता का खुला उल्लंघन बताया है। CJP ने दीपके की हिरासत के बाद ऐलान किया है कि देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। संगठन ने साफ किया कि वह अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेगा। पार्टी का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने पहले से तय योजना के तहत उसके नेताओं को एयरपोर्ट पर ही रोक लिया, ताकि वे प्रदर्शन स्थल तक न पहुंच सकें।
दीपके ने एक दिन पहले रात में जारी वीडियो में भी कहा था कि कल का मार्च नहीं रुकना चाहिए, चाहे उन्हें एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार कर लिया जाए। उन्होंने कहा था कि वह NSA या UAPA जैसी कड़ी धाराओं से भी डरने वाले नहीं हैं। इस प्रदर्शन से पहले दिल्ली में अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने लगभग 1500 लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि CJP के दावे के अनुसार 400 से ज्यादा लोगों को रोका गया है। जंतर-मंतर जाने वाले रास्तों पर कीलें लगाई गईं, 45 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद रखे गए और नमो भारत की कई ट्रेनें रद्द की गईं।
दीपके के अलावा यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके घर से और CJP की लीगल सेल हेड रत्ना सिंह को दिल्ली स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया है। CJP की मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित अनियमितताओं की जांच और फॉर्म-6 से जुड़े बदलावों को वापस लेने की है।
विषय




