लालतप्पड़ में महिला की हत्या, राज्य महिला आयोग ने लिया संज्ञान
देहरादून,। लालतप्पड़ चौकी क्षेत्र में एक महिला का गला दबाकर की गई
हत्या के मामले में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने संज्ञान
लिया है। उन्होंने एसओ डोईवाला से आरोपितों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई
करने को कहा है।
कुसुम कंडवाल ने कहा कि यह गंभीर मामला है। कोतवाली
डोईवाला के लालतप्पड़ पुलिस चौकी क्षेत्र में देर रात एक महिला की गला
दबाकर हत्या कर दी गई। मामले में उन्होंने एसओ डोईवाला से फोन पर बात की और
मामले की जानकारी ली। एसओ ने बताया कि पुलिस ने एक नामजद व दो अज्ञात
व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार लालतप्पड़
निवासी कुलदीप कौर (54) पत्नी हरजीत सिंह घर के आंगन में सो रही थीं। इसी
दौरान तीन लोग आंगन में आ धमके। दो व्यक्तियों ने कुलदीप कौर के पैर पकड़े
और एक व्यक्ति गला दबाने लगा। इसी दौरान उसके बगल में सो रही सिमरन जाग गई।
वह अपने मामा जगदेव (कुलदीप कौर के पुत्र) को बुलाने के लिए कमरे की ओर
दौड़ पड़ी, लेकिन जब तक कोई पहुंचता तीनों भाग निकले। घटना के बाद परिजन
कुलदीप कौर को जौलीग्रांट अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत
घोषित कर दिया।
मामले में आयोग की अध्यक्ष ने एसओ डोईवाला
को शीघ्रता दिखाते हुए तत्काल आरोपितों को ढूंढ कर उनके विरुद्ध कार्रवाई
के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि महिला के घर में घुस कर उसकी
हत्या करने वाले अत्यंत गम्भीर अपराधी हैं और ऐसे आरोपितों के हौसले बुलंद
ना हों इसके लिए जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाए। आयोग पीड़ित परिवार
के साथ खड़ा है।





