फतेहाबाद : दो सडक़ हादसों में बिहार के दो युवकों की मौत

फतेहाबाद। दीपावली की रात दो अलग अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए हैं। दोनों युवक बिहार के रहने वाले थे और यहां रहकर काम करते थे।बिहार के अररिया के भवानीपुर निवासी 19 वर्षीय अशोक और 32 वर्षीय प्रदीप टोहाना के मनियाना रोड स्थित एक राइस मिल में काम करते थे। रात को दोनों मिल में काम करने के बाद बाइक पर सवार होकर निकले थे। जैसे ही वे भाखड़ा नहर की सिरसा ब्रांच के दमकौरा पुल पर पहुंचे तो तेज मोड़ पर अचानक बाइक बेकाबू हो गई और पेड़ से जा टकराई। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को टोहाना नागरिक अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टर ने अशोक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि प्रदीप को गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।दूसरे हादसा रतिया-टोहाना रोड पर चिम्मो के समीप एक पराली से भरी ट्राॅली से बाइक के टक्कराने से हुआ। बिहार के रहने वाले राकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका भांजा शशी भूषण गांव धारसूल स्थित एमपी राइस मिल में काम करता था। गत दिवस शाम को शशी भूषण व बिहार का ही बबलू दोनों बाइक से उससे मिलने के लिए आ रहे थे। वह चिम्मो में मैरिज पैलेस के पास पहुंचे तो सामने से आ रही ट्राॅली में पराली भरी होने के कारण वह काफी फैली हुई थी। तभी पराली की गांठ से टकरा जाने से दोनों सड़क पर गिर गए। इस हादसे में बाइक सवार शशीभूषण व बबलू दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक ने दोनों को रतिया के अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। राकेश ने बताया कि शशी भूषण की हिसार के एक निजी अस्पताल में देर रात को उसकी मौत हो गई।





