सोनीपत के टीडीआई सिटी में तिहरा हत्याकांड, शराब के नशे में युवक ने पति-पत्नी समेत तीन की हत्या

हरियाणा के Sonipat में रविवार रात तिहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। कुंडली स्थित टीडीआई सिटी के बीपीएल फ्लैट्स में एक युवक ने तेजधार हथियार से हमला कर पति-पत्नी समेत तीन लोगों की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान विजय, उसकी पत्नी सुनीता और स्वाति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने तीनों पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को बीपीएल फ्लैट्स में रहने वाले ब्रह्मप्रकाश ने अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब के नशे में था। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति और मृतकों से उसके संबंधों की भी जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर लोगों से पूछताछ भी की।
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या में इस्तेमाल हथियार और वारदात से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।





