सोनीपत: मोबाइल विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, तीन पर केस दर्ज

सोनीपत। जिले के एक गांव में मोबाइल को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई।
आरोप है कि तीन लोगों ने युवक को चारपाई पर बांधकर लाठी-डंडों और कस्सी के बिंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक ने सोमवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गन्नौर क्षेत्र के गांव पांची जाटान निवासी जयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा कमलजीत (32) 24 मार्च की शाम पड़ोसी रामदास के घर अपना मोबाइल लेने गया था, जो वहां चार्जिंग पर लगा था।
आरोप है कि मोबाइल देने से मना करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और विवाद मारपीट में बदल गया।
शिकायत के अनुसार भगवान दास और सोनू ने मिलकर कमलजीत को चारपाई पर बांध दिया और लाठी-डंडों व कस्सी के बिंडों से हमला कर दिया।
देर तक घर नहीं लौटने पर जयपाल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने बेटे को गंभीर हालत में पिटते देखा। उन्हें देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से सीएचसी गन्नौर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बीपीएस खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
करीब 12 दिन तक जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद 6 अप्रैल को उसकी मौत हो गई।
चिकित्सकीय रिपोर्ट में शरीर पर छह गंभीर चोटें पाई गईं, जो कुंद हथियार से लगी बताई गई हैं। सर्जन और अस्थि विशेषज्ञों ने भी चोटों को अत्यंत गंभीर माना है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में पड़ोस का मामला होने के कारण शिकायतकर्ता ने कार्रवाई से इनकार कर समय मांगा था, लेकिन युवक की मौत के बाद लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
थाना गन्नौर पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।





