उत्तराखंड में मतगणना को लेकर तैयारी पूरी, त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगी वोटों की गिनती
देहरादून,। लोकसभा चुनाव की मतगणना के लिए निर्वाचन आयोग ने सभी
तैयारी पूरी कर ली है। मतदाताओं को भी बेसब्री से ईवीएम खुलने का इंतजार
है। हालांकि यह तो मतगणना के बाद पता चलेगा कि किसके हाथ बाजी लगी और किसे
मायूसी मिली।
मतगणना चार जून को सुबह आठ बजे से शुरू होगी। इसके
लिए उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर 91 काउंटिंग हॉल बनाए गए हैं।
ईवीएम के मतों की गणना के लिए 884 टेबल लगाई गई हैं जबकि डाक मतपत्रों की
गिनती के लिए 218 टेबल लगाई गई है। ईवीएम और डाक मतों की गणना एक साथ होगी।
इसके लिए अलग-अलग कक्षों में व्यवस्था की गई है। मतगणना को लेकर सुरक्षा
के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स और सीआरपीएफ के
जवान मौजूद रहेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी
पुरुषोत्तम ने बताया कि मतगणना स्थल की त्रिस्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की
गई है। इसके अलावा राज्य की 70 विधानसभाओं की काउंटिंग के लिए 91 काउंटिंग
हाल बनाए गए हैं। इसमें 884 टेबल लगाई गई है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन
आयोग की कोशिश है कि दोपहर एक से दो बजे तक परिणाम घोषित कर दिए जाएं। वहीं
देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में टिहरी लोकसभा सीट की
काउंटिंग की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी सोनिका ने कहा है कि चार
जून को मतगणना से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि मतगणना के
दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न फैले। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा
व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं।





