प्रशांत किशोर के गोली मारने वाले बयान पर सियासी घमासान, भाजपा बोली - जुबान संभालो, गन सुराज...
बिहार MLC चुनाव में सियासी जुबान तेज हो गई है। प्रशांत किशोर ने CM सम्राट चौधरी के "गोली मारो, हाफ-फुल एनकाउंटर" वाले बयान पर हमला बोला, कहा ये मुख्यमंत्री की भाषा नहीं, बिहार को विजन चाहिए। पीके ने राम मंदिर वाले बयान को अहंकार बताया। पलटवार में भाजपा ने पीके की भाषा को हिंसक बताते हुए कहा- जन सुराज नहीं 'गन सुराज' चला रहे हैं, जुबान संभालें। बिहार में सियासी घमासान तेज।

बिहार में एमएलसी चुनाव का प्रचार जैसे-जैसे तेज हो रहा है, वैसे-वैसे सियासी जुबान भी तीखी होती जा रही है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अपराधियों को गोली मारने वाले बयान पर सीधा हमला बोला है, जिसके बाद बिहार की राजनीति में नया घमासान शुरू हो गया है।दरअसल, बीते दिनों सीएम सम्राट चौधरी ने एक जनसभा में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात करते हुए "गमछा देखकर गोली मारो, जात देखकर गोली मारो" और "हाफ एनकाउंटर, फुल एनकाउंटर" जैसे बयान दिए थे। प्रशांत किशोर ने इसी को मुद्दा बनाते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री की भाषा का स्तर बेहद नीचे गिर गया है।
सहरसा और कोसी में एमएलसी चुनाव के प्रचार के दौरान पीके ने कहा, "पिछले तीन महीने में सरकार की भाषा देखिए। राज्य के मुखिया को ये जुमले शोभा नहीं देते। बिहार को गोली मारने की राजनीति नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और पलायन रोकने पर विजन की जरूरत है।" प्रशांत किशोर ने आरा में रिटायर्ड कस्टम अधिकारी को गोली मारने और नालंदा में सिपाही की हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए सम्राट सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब बिहार में लोग अपराधियों को चुनकर सदन भेजेंगे और सरकार को अपराधी ही चलाएंगे तो अच्छे समाज और रोजगार की उम्मीद कैसे की जा सकती है। पुलिस का ध्यान अपराध रोकने के बजाय शराबबंदी और बालू माफिया से पैसा कमाने पर है।
इसके साथ ही प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी के राम मंदिर वाले बयान पर भी हमला बोला। सम्राट चौधरी ने कहा था कि 'प्रभु श्री राम इंतजार कर रहे थे कि मोदी जी घर कब दोगे'। इस पर पीके ने पलटवार करते हुए कहा, "राम जी 400 साल से अपने घर का इंतजार कर रहे थे। मोदी जी ने घर दिया तो मिला, ये अहंकार नहीं तो क्या है? जो मर्यादा पुरुषोत्तम हैं, जिनके हाथ में जीवन-मरण है, उनको भी भाजपा वाले मोदी जी से घर दिलवा रहे हैं। जनता को घर, 5 किलो अनाज से ज्यादा रोजगार-शिक्षा नहीं दे पा रहे और भगवान का घर बनवाएंगे? ये अहंकार की पराकाष्ठा है।" प्रशांत किशोर के इन बयानों के बाद भाजपा ने कड़ा पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि प्रशांत किशोर की भाषा हिंसक और आपत्तिजनक है। वे मुख्यमंत्री को गोली मारने जैसी बात करते हैं, इससे साफ है कि उनकी पार्टी जन सुराज नहीं बल्कि 'गन सुराज' चला रही है।
नीरज शर्मा ने कहा कि पीके खुद को नई सोच का प्रतीक बताते हैं लेकिन उनकी जुबान संभल नहीं रही। उन्होंने तंज कसा कि 2014 में भाजपा के साथ, फिर जेडीयू में उपाध्यक्ष बनकर भी वे टिक नहीं पाए। नवंबर-दिसंबर 2025 में अपनी ही कंपनी I-PAC से 1000 लोगों को नौकरी से निकाला और आज युवाओं को 10 हजार नौकरी का झूठा वादा कर रहे हैं। पीके ने एमएलसी चुनाव को सरकार बनाने या गिराने का नहीं, बल्कि सरकार पर अंकुश लगाने का चुनाव बताया है। उन्होंने कोसी में एनडीए प्रत्याशी एनके यादव के खिलाफ वोट करने की अपील करते हुए कहा कि अगर आप 7वीं फेल अपराधी सम्राट चौधरी को सीएम के तौर पर स्वीकार नहीं करते तो इस चुनाव में एनडीए को हराइए।
विषय




