कारगिल विजय दिवस पर पूरे शहर में गूंजी भारतीय सेना की शौर्यगाथा
नैनीताल,। केंद्रीय संचार ब्यूरो नैनीताल ने कारगिल विजय दिवस पर
शुक्रवार को पूरे नैनीताल शहर में जागरूकता रैली निकाली। रैली में नगर के
राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मोहन लाल साह बालिका विद्या
मंदिर, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, नगर पालिका व सीआरएसटी इंटर कॉलेज के
विद्यार्थी शामिल हुए। इस दौरान कारगिल के बलिदानी मेजर राजेश अधिकारी की
प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त नगर के सबसे पुराने
सीआरएसटी इंटर कॉलेज में चित्र प्रदर्शनी और जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
किया गया।
इसकी शुरुआत विधायक सरिता आर्या, पुलिस अधीक्षक-अपराध हरबंश सिंह तथा पूर्व सैनिक सुनील साह व विजय कश्यप आदि ने मिलकर की।
विधायक
सरिता आर्या ने कहा कि कारगिल की जीत में उत्तराखंड के योगदान को चित्र
प्रदर्शनी के माध्यम से देखकर गर्व की अनुभूति हुई। कार्यक्रम के आयोजक
क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरज कुमार भट्ट ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत
शनिवार को कारगिल युद्ध के नैनीताल जिले के बलिदानियों के परिवारों को
सम्मानित किया जाएगा। इसके लिये बलिदानियों के परिवार अलग-अलग जगहों से
नैनीताल पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर कारगिल युद्ध लड़ चुके कर्नल सुरेश कुमार
जोशी मुख्य अतिथि होंगे।
प्रतियोगिताओं में यह रहे विजेता
चित्रकला
प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में मोहन लाल साह बालिका इंटर कॉलेज की अफीफा
अहमद प्रथम, आकाश द्वितीय, दिव्यांशु पाठक तृतीय रहे। शहीद सैनिक की अंजू
बिष्ट, एशडेल की दिया आर्या को सांत्वना पुरस्कार मिला। वरिष्ठ वर्ग
चित्रकला प्रतियोगिता में विनीता टम्टा प्रथम, अंजलि बिष्ट द्वितीय
,हर्षिका भंडारी तृतीय रही। इसके अलावा समूह गायन प्रतियोगिता में प्रथम
पुरस्कार एशडेल, द्वितीय पुरस्कार सैनिक स्कूल और तृतीय पुरस्कार बालिका
विद्या मंदिर को दिया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो के पंजीकृत दल ने रंगारंग
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।





