फतेहाबाद पुलिस ने तीन साल की बच्ची के अपहर्ता को गिरफ्तार कर बच्ची को किया बरामद

फतेहाबाद। शहर के नजदीकी गांव में तीन वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ व मारपीट से जुड़े मामले में फतेहाबाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद कर उसके माता-पिता के हवाले कर दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना सदर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि गांव में एक तीन वर्षीय बच्ची को आरोपी युवक तरसेम पुत्र मनजीत निवासी धांगड़, गलत नियत से घर से उठाकर श्मशान घाट की ओर ले गया तथा उसके साथ मारपीट की।
बच्ची के अचानक लापता होने से परिवार में हडक़ंप मच गया। स्वजन और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, परंतु बच्ची के न मिलने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसएचओ सदर, निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने तेज कार्रवाई और सटीक प्रयास करते हुए थोड़े ही समय में आरोपी को काबू कर लिया और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच तेजी से जारी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया कि बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और ऐसे घृणित कृत्यों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।





