मैथिली ठाकुर को दूसरा बड़ा तोहफा, नितिन नवीन की स्पेशल 34 में मिला मौका
बिहार की अलीनगर से विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर का BJP में कद बढ़ा है। उन्हें भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है। नई टीम का ऐलान भाजयुमो अध्यक्ष हेमांग जोशी ने नितिन नवीन के निर्देश पर किया। इसे 'स्पेशल 34' नाम दिया गया है। मैथिली ने PM मोदी और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। बिहार के 6 नेताओं को राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।

बिहार की अलीनगर (दरभंगा) से विधायक और प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर का कद भारतीय जनता पार्टी में लगातार बढ़ रहा है। विधायक बनने के कुछ महीनों के भीतर ही उन्हें भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा ने मंगलवार को भाजयुमो की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वडोदरा से सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने इस टीम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि ये सभी नियुक्तियां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई हैं और तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। इस नई टीम को नितिन नवीन की 'स्पेशल 34' कहा जा रहा है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए देशभर से 34 युवा चेहरों को चुना गया है, जिसमें मैथिली ठाकुर भी शामिल हैं। उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है। यह उनका विधायक बनने के बाद पहला बड़ा संगठनात्मक पद है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाए जाने पर मैथिली ठाकुर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा - 'हृदय से आभार एवं धन्यवाद! सर्वप्रथम, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय से आभार। माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी, माननीय अमित शाह जी एवं युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हेमांग जोशी जी का विशेष धन्यवाद, जिन्होंने मुझे राष्ट्रीय युवा मोर्चा की कार्यकारिणी समिति का सदस्य बनने का महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया। मैं पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। युवा शक्ति, राष्ट्र की शक्ति!'
इस बार भाजयुमो की राष्ट्रीय टीम में बिहार का दबदबा रहा है। मैथिली ठाकुर के साथ राज्य के कुल 6 युवा नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिली है। राज राजेंद्र सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राहुल झा को राष्ट्रीय मंत्री, हिमांशु यादव को राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, मानवेंद्र चौहान को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-प्रभारी और विनीत कुशवाहा को मैथिली ठाकुर की तरह राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है। पार्टी की रणनीति साफ है। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद युवा और सांस्कृतिक चेहरों के जरिए युवाओं को संगठन से जोड़ा जाए। मैथिली ठाकुर की लोकप्रियता मिथिला क्षेत्र के साथ-साथ पूरे देश के युवाओं में है। उनकी लोक गायिकी और युवा विधायक की छवि भाजपा के लिए यूथ कनेक्ट का बड़ा हथियार है।
भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी पार्टी की युवा नीतियों को जमीन पर उतारने का काम करती है। इसके सदस्य राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के विस्तार, युवा सम्मेलन, सदस्यता अभियान और चुनावी रणनीति में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करते हैं। इस जिम्मेदारी के जरिए मैथिली ठाकुर अब सीखेंगी कि पार्टी का राष्ट्रीय संगठन धरातल पर कैसे काम करता है। राष्ट्रीय टीम में 7 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 3 राष्ट्रीय महामंत्री, 7 राष्ट्रीय मंत्री समेत अन्य पद हैं। जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस नई टीम के जरिए भाजपा ने 2029 लोकसभा चुनाव से पहले युवा नेतृत्व की नई फौज तैयार करने का संकेत दे दिया है।




