मिलावट के शक में पतंजलि गाय का घी जब्त, महाराष्ट्र FDA ने 19 लाइसेंस किए सस्पेंड
महाराष्ट्र FDA ने त्योहारी सीजन में बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.01 करोड़ रुपये का खाद्य पदार्थ जब्त किया है। छत्रपति संभाजीनगर में पतंजलि आयुर्वेद के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर दिव्य महावितरक से 20.20 लाख रुपये का 2,279 लीटर पतंजलि गाय का घी मिसब्रांडिंग और मिलावट के संदेह में जब्त किया गया। अभियान में 114 प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर 3.53 लाख किलो सामान जब्त किया गया और 19 के लाइसेंस सस्पेंड किए गए।

मुंबई: त्योहारी सीजन में मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे की अगुवाई में FDA ने राज्य के सातों मंडलों में विशेष अभियान चलाकर 9.01 करोड़ रुपये मूल्य के खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि आयुर्वेद के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर का घी भी जब्त किया गया है। FDA ने सोमवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया कि 28 से 31 अक्टूबर के बीच चले इस विशेष अभियान के दौरान 114 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान कुल 3.53 लाख किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी बाजार कीमत 9.01 करोड़ रुपये आंकी गई है।
सबसे चर्चित कार्रवाई छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) में हुई। यहां सुंदरवाड़ी इलाके में स्थित पतंजलि आयुर्वेद के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर मेसर्स दिव्य महावितरक के गोदाम से 2,279.7 लीटर पतंजलि गाय का घी जब्त किया गया। इसकी कीमत 20.20 लाख रुपये बताई जा रही है। FDA अधिकारियों के मुताबिक, कुल 4,032 यूनिट घी जब्त किया गया है। इसमें 1,349.1 लीटर वाले 2,998 यूनिट (कीमत 12.29 लाख) और 930.6 लीटर वाले 1,034 यूनिट (कीमत 7.91 लाख) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्टॉक खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन करता पाया गया। FDA ने इसे मिसब्रांडिंग और मिलावट के संदेह में जब्त किया है। फिलहाल सैंपल को लैब जांच के लिए भेजा गया है।
इस अभियान में 19 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिए गए हैं। इनमें मुंबई, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर मंडल के नमकीन, मिठाई और मसाला बनाने वाले कारखाने शामिल हैं। इन इकाइयों में गंभीर स्वच्छता खामियां और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया। इस ड्राइव की सबसे बड़ी जब्ती भिवंडी, ठाणे जिले से हुई। यहां एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड (डी-मार्ट) के गोदाम से 1,44,218 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया गया। इसके अलावा सतारा में अमीन ट्रेडर्स से 20,560 किलोग्राम चावल, दाल, गुड़ और अन्य खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। जब्त किए गए सामानों में खाद्य तेल, मसाले, चावल, दाल, गुड़, गेहूं का आटा, बेसन, घी, दूध उत्पाद, मिठाइयां, नमकीन, ड्राई फ्रूट्स, बेकरी प्रोडक्ट्स और नूडल्स शामिल हैं।
FDA ने बताया कि 28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के मामले में 17 प्रतिष्ठानों से 79.40 लाख रुपये का माल जब्त किया गया। इस दौरान कुल 13 FIR दर्ज की गईं, 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया, 7 प्रतिष्ठानों को सील किया गया और 6 वाहनों को जब्त किया गया। FDA ने कहा है कि यह कार्रवाई त्योहारों के दौरान जनता को सुरक्षित और शुद्ध भोजन उपलब्ध कराने के लिए की गई है। आगे भी इस तरह की सघन जांच जारी रहेगी।
विषय




