जींदफतेहाबाद: कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं काे किया लज्जित, जनता देगी करारा जवाब : निताशा सिहाग: विधायक ने जनता दरबार लगाकर सुनी लोगों की समस्याएं

फतेहाबाद। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं सिरसा भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही महिलाओं व माताओं को लज्जित किया है। बिहार की पवित्र भूमि दरभंगा में कांग्रेस की जनसभा में कांग्रेस के नेताओं द्वारा पीएम नरेन्द्र मोदी की माता के बारे में अपशब्द कहना निंदनीय घटना है। ऐसा करके कांग्रेस ने मां शब्द का अपमान किया है। माताएं बहनें तो सबकी सांझी होती है, ऐसे में अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए मां बहनों के शब्दों का प्रयोग कर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना कांग्रेस की मानसिकता का परिचय है। आने वाले समय में जनता ऐसे औच्छे नेताओं को करारा जवाब जरूर देगी। निताशा सिहाग सोमवार को फतेहाबाद बीजेपी जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चुनावों में अपने वचन पत्र में प्रदेश की बहन बेटियों के किए गए वायदे को पूरा करते हुए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को जल्द शुरू करने की घोषणा करके लाखों महिलाओं को अनोखी सौगात दी है। 25 सितम्बर को इस योजना को लॉन्च किया जाएगा। सरकार की एक स्पैशल एप के माध्यम से 18 से 60 वर्ष की महिलाएं इस एप के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन करके इस योजना का लाभ पा सकेंगी। एक मोबाइल में एक एप पर एक से अधिक रजिस्टे्रशन किए जा सकेंगे। यानि यदि कोई एक परिवार में 3-4 पात्र महिलाएं हैं, तो वह एक ही मोबाईल पर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकेंगी। इसके लिए किसी सरकार दफ्तर या सीएससी सेंटर जाने की जरूरत नहीं है। इस योजना का लाभ प्रदेश की महिलाओं को देने के लिए सीएम नायब सिंह सैनी ने पहले ही 5 हजार करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया था। उन्होंने बताया कि पहले चरण में कुछ निर्धारित क्राईटेरिया के तहत इस योजना का लाभ पात्र महिलाओं को दिया जाएगा। इसका लाभ उन महिलाओं को दिया जाएगा, जिनकी परिवार की आय 1 लाख रुपये तक है। इसके अलावा यदि कोई महिला सरकार से किसी अन्य प्रकार की पेंशन का लाभ पा रही है, तो उसे इस योजना से नहीं जोड़ा जाएगा। इसके अलावा गंभीर बीमारियों से ग्रसित महिलाओं को भी इस योजना के कई बेनिफिट्स दिए जाएंगे। निताशा सिहाग ने कहा कि भाजपा सरकार घोषणा पत्र नहीं बल्कि वचन पत्र लेकर आती है, जिसे वह पूरा करके दिखाती है।





