देवर्षि नारद जयंती पर कई पत्रकार सम्मानित
चंडीगढ़,। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रविवार को विश्व संवाद केंद्र
न्यास, हरियाणा की ओर से आयोजित ब्रह्मांड के आदि पत्रकार देवर्षि नारद
जयंती के अवसर पर पंचकूला के जैनेंद्र गुरुकुल स्थित आत्मा ऑडिटोरियम हाल
में राज्य स्तरीय नौवें पत्रकार सम्मान समारोह को सम्बोधित किया। समारोह
में कई पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।
विश्व संवाद केंद्र के
अध्यक्ष मार्कण्डेय आहूजा की अध्यक्षता में हुए समारोह में मुख्यमंत्री
नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश में पत्रकारिता का शुभारंभ एक मिशन के तौर पर
हुआ था। आजादी के आंदोलन में भी पत्रकारों ने सक्रिया भूमिका निभाई थी।
आजादी के आंदोलन में जितने भी स्वतंत्रता सेनानी थे, उनमें से अधिकतर
पत्रकारिता से जुड़े हुए थे। उन्हाेंने कहा कि ब्रिटिश काल में प्रताड़ना
के बाद भी पत्रकारों ने हार नहीं मानी और वह पूरी निडरता के साथ आजादी के
लिए आवाज उठाते रहे। क्योंकि उनको यह प्रेरणा हमारी संस्कृति से मिली थी और
देवर्षि नारद पत्रकारिता के प्रेरणास्रोत रहे हैं।
नायब सैनी ने
कहा कि अगर हम देवर्षि नारद के समय की पत्रकारिता की बात करें तो उस समय एक
स्टीक पत्रकारिता होती थी। देवर्षि नारद दोनों पक्षों की बात सुनकर बड़ी
सूक्ष्मता से विशलेषण करने के बाद ही सूचना का आदान-प्रदान करते थे। अब
धीरे-धीरे पत्रकारिता का स्वरुप बदल रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार
ने 7 दिसंबर 2017 को पत्रकारों के लिए पेंशन योजना लागू की है। अब 15 हजार
रुपये की पेंशन दी जा रही है। आज दो सौ पत्रकार इसका लाभ ले रहे हैं। वहीं
कार्य क्षेत्र में जोखिम को देखते हुए 22 अक्तूबर 2018 को इंश्योरेंश कवर
देने का काम हरियाणा सरकार ने किया है। हरियाणा सरकार द्वारा पत्रकारों को
10 लाख रुपए तक का इंश्योरेंश दिया जा रहा है।
समारोह में मुख्य
वक्ता व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील
आंबेकर ने कहा कि पत्रकारिता का क्षेत्र संख्या के हिसाब से भले ही बहुत
छोटा है, लेकिन यह बहुत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। पत्रकार 24 घंटे सातों दिन
सक्रिय रहता है और स्वयं को अपडेट रखना पड़ता है। आंबेकर ने कहा कि पत्रकार
सच्ची जानकारी समाज और राष्ट्र हित में सामने लाएं। आज पत्रकार जिस तरह से
जमीन स्तर पर जाकर रिपोर्टिंग करते हैं, उसके बाद ही सच्चाई हमारे सामने आ
पाती है। पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं, जिनकी वजह से लोकतंत्र
मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि सूचना क्रांति के इस युग में हमें खबरें
ऐसे प्रस्तुत करनी चाहिए जिनका समाज पर बुरा प्रभाव न पड़े। उन्होंने कहा
कि इसी माह की 25 तारीख को सारे देश ने आपातकाल के काले अध्याय को याद
किया। उन्होंने कहा कि बुरी घटनाओं को इसलिए भी याद करना चाहिए ताकि कोई
फिर राष्ट्र पर ऐसा आघात न करें। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान करते हुए
कहा कि पत्रकार को कभी भी समाचार को रोचक बनाने के लिए खबर की सत्यता को
नहीं छिपाना चाहिए। समाचार के प्रकाशन में समाज व राष्ट्र हित का ध्यान
अवश्य रखना चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार श्रीवर्धन ने कहा कि पत्रकारिता
के क्षेत्र में अंशकालिक पत्रकार का बहुत योगदान है। यदि अंशकालिक पत्रकार
सही समय पर सही जानकारी अपने मीडिया संस्थान तक नहीं पहुंचाए तो कोई
संस्थान धरातल के समाचार को अपने पाठकों व दर्शकों तक सम्प्रेषित नहीं कर
पाएगा। इसलिए पत्रकारिता के क्षेत्र में कोई छोटा या बड़ा पत्रकार नहीं
होता।
समारोह में वरिष्ठ टीवी एंकर श्रीवर्धन त्रिवेदी, राष्ट्रीय
स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्र प्रचार प्रमुख अनिल कुमार, समाज सेवक
संतराम शर्मा, गोपाल तायल, राहुल राव, विश्व संवाद केंद्र के सचिव राजेश
कुमार भी मौजूद रहे। विश्व संवाद केंद्र के अध्यक्ष डॉ. मार्डकण्डेय आहूजा
ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इन पत्रकारों को किया सम्मानित
विश्व
संवाद केंद्र के सचिव राजेश कुमार ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में
उत्कृष्ट सेवा करने वाले मीडियाकर्मियों (पत्रकार, स्तंभकार आदि) को
सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में आए आवेदनों में से सात सदस्यीय चयन
समिति की अनुशंसा पर पत्रकार चुने गए। पत्रकारिता के लिए सम्मान (वर्ष
2023-24) में दिए जाने वाले पुरस्कारों में पंचकूला निवासी कश्मीर चंद
मलकानी को देवर्षि नारद आजीवन उत्कृष्ट पत्रकारिता सम्मान, चंडीगढ़ के साईं
वैद्यनाथन को हरियाणा पत्रकारिता गौरव नारद सम्मान, जींद निवासी स्वर्गीय
परमजीत पंवार को देवर्षि नारद सेवा सम्मान, फरीदाबाद निवासी अमित चौधरी को
देवर्षि नारद सामाजिक सरोकार पत्रकारिता सम्मान, अम्बाला निवासी उमेश
भार्गव को ग्रामीण विषयक पत्रकारिता नारद सम्मान, कैथल निवासी ईश्वर चंद
गर्ग को नागरिक पत्रकारिता नारद सम्मान, पंचकूला निवासी डॉ. रुपिका को
देवर्षि नारद नवोदिता पत्रकार पुरस्कार और करनाल निवासी पंकज कुमार को
उत्कृष्ट फोटो पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।





