इंस्टाग्राम दोस्त से याैन शाेषण का प्रयास, मामला दर्ज

फतेहाबाद। जिले की भट्टू मण्डी की रहने वाली एक युवती के साथ उसके सोशल मीडिया फ्रेंड द्वारा जबरदस्ती करने और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में युवती द्वारा भट्टूकलां पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई, जिसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में भट्टू मण्डी निवासी युवती ने कहा है कि वह घर पर रहकर ऑनलाइन नौकरी की तैयारी कर रही है। 15-20 दिन पहले उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर मनदीप पुत्र रमेश कुमार निवासी विढाला जिला हिसार की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। उसके बाद उनकी दोस्त की तरह बातचीत होने लगी। कुछ दिन बाद एक और इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उससे बात करने लगा। एक दिन उसने कहा कि वह पढ़ी-लिखी है और वह उसे अच्छी जॉब लगवा देगा। उस पर विश्वास करके उसने नौकरी के लिए हां कर दी। युवती ने कहा कि मनदीप ने एक दिन उसे बरवाला बुलाया और कहा कि वह उसे एक बड़े अफसर से मिलाता है। इसके बाद वह उसे एक कमरे में ले गया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। जब उसने इसका विरोध किया और शोर मचाने लगी तो मनदीप ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह किसी तरह उसकी चगुल से छूटकर वहां से निकली और अपने घर भट्टू आ गई। शाम को मनदीप ने उसे फोन पर गालियां निकालीं और जान से मारने की धमकी दी। युवती ने मनदीप से खुद की जान को खतरा बताते हुए पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





