पूर्व सीएम भजनलाल के भतीजे की गाड़ी पर हमला, हमलावरों की तलाश में पुलिस ने बनाई तीन टीमें

फतेहाबाद। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भजनलाल के भतीजे और फतेहाबाद के पूर्व विधायक दुड़ाराम के भाई उग्रसेन की गाड़ी पर सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों द्वारा लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। देर रात करीब 11 बजे दो गाडिय़ों में आए 4-5 लोगों ने गांव झलनियां-मोहम्मदपुर रोही रोड पर उनकी गाड़ी को रूकवाया और उस पर हमला बोल दिया। बताया जाता है कि घटना के बाद उग्रसैन अपने पैतृक गांव मोहम्मदपुर रोही से वापस फतेहाबाद लौट रहे थे और गाड़ी को चालक सुशील कुमार चला रहा था। इस हमले में किसी को गंभीर चोटें नहीं आईं हैं, वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और ड्राईवर सुशील की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में तीन टीमें गठित की हैं। मिली जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक दुड़ाराम के भाई उग्रसैन फतेहाबाद में दुड़ाराम की कोठी के साथ वाली कोठी में रहते हैं। पूर्व सीएम भजनलाल के छोटे भाई स्वर्गीय मनफूल सिंह के पांच बेटे हैं। इनमें पूर्व विधायक दुड़ाराम सबसे बड़े हैं। उसके बाद द्वारका प्रसाद, तीसरे नंबर पर देवीलाल, चौथे नंबर पर उग्रसैन व पांचवें गवर्नर बिश्नोई है। जानकारी के मुताबिक गाड़ी में उग्रसैन बिश्नोई की माता अब भी गांव एमपी रोही में ही रहती है। उग्रसैन रोजाना सुबह-शाम अपने पैतृक गांव एमपी रोही आते-जाते हैं। बताया जाता है कि हमले के समय वह गाड़ी में ही थे जबकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। सोमवार देर रात को वह गांव से वापस फतेहाबाद लौट रहे थे। जैसे ही वह झलनियां-एमपी रोही रोड पर बोलू वाली डिग्गी के पास पहुंचे तो दो गाडिय़ों में 4-5 लोगों ने उनकी गाड़ी को रूकवा लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। कुछ लोग इस हमले का कारण चुनाव के दौरान की पुरानी रंजिश मान रहे हैं। सूचना मिलने के बाद से पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन का कहना है कि 4 अगस्त की रात को सदर फतेहाबाद थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक दुड़ाराम के भाई की गाड़ी पर हुए हमले और तोडफ़ोड़ मामले में नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है। सीआईए सहित पुलिस की तीन टीमें डीएसपी के नेतृत्व में रात से ही हमलावरों की तलाश में जुटी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





