फरीदाबाद : पेट में बोतल घोंपकर दोस्त को उतारा मौत के घाट
फरीदाबाद,। जिले के नीमका गांव इलाके में बुधवार देर रात शराब के नशे
में दोस्त ने बियर की खाली बोतल दूसरे दोस्त के पेट में घोंपकर उसे मौत के
घाट उतार दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया
है।
मृतक के जीजा सुरजीत ने बताया कि उनका साला जितेंद्र उर्फ जीतू
(23) मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जट्टारी इलाके का रहने वाला था। जीतू ऑटो
चलाता था और इसी के चलते फरीदाबाद के नीमका गांव इलाके में किराए के मकान
में अकेले रहता था। सुरजीत ने बताया कि अभी जितेंद्र की शादी नहीं हुई थी।
बुधवार की रात को उसने पड़ोसी दोस्त सोनू के साथ शराब पी थी। इसी दौरान
किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और फिर दोनों अपने-अपने कमरे में
सोने के लिए चले गए, लेकिन कुछ देर बाद सोनू बियर की बोतल लेकर आया और
जितेंद्र से गाली-गलौज करने लगा। सुरजीत ने बताया कि गाली-गलौज सुनकर
जितेंद्र अपने कमरे से बाहर आया, तभी पड़ोसी सोनू ने उस पर बियर की बोतल से
ताबड़तोड़ हमला कर दिया और जितेंद्र के पेट में बियर की बोतल घोंप दी।
बोतल लगने से गंभीर रूप से घायल जितेंद्र उर्फ जीतू ने दम तोड़ दिया। पुलिस
ने शव को फरीदाबाद के बादशाह खान की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए
रखवाया गया है।





