राहुल गांधी को व्यापारियों की चिट्ठी, बोले- रैली से दिवाली का धंधा चौपट हो जाएगा...
रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली को लेकर व्यापारियों ने राहुल गांधी को पत्र लिखा है। चांदनी चौक, सदर बाजार और कनॉट प्लेस के व्यापारी संगठनों ने रैली स्थगित करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी और शादी के सीजन में रैली से ट्रैफिक और माल ढुलाई ठप हो जाएगी, जिससे 10 हजार करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होगा। उन्होंने रैली का स्थान बुराड़ी मैदान शिफ्ट करने का सुझाव दिया है।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली को लेकर अब कारोबारियों ने आपत्ति जताई है। चांदनी चौक, सदर बाजार, करोलबाग और कनॉट प्लेस के प्रमुख व्यापारी संगठनों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को एक संयुक्त पत्र लिखकर रैली को स्थगित करने या स्थान बदलने की मांग की है। व्यापारियों का दावा है कि त्योहारी सीजन के पीक पर होने वाली इस रैली से करीब 10 हजार करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होगा। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) और दिल्ली के कई बाजार एसोसिएशनों की ओर से लिखे गए इस पत्र में कहा गया है कि 25 से 30 अक्टूबर के बीच का समय व्यापार के लिहाज से सबसे अहम होता है।
धनतेरस, दिवाली और शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में पुरानी दिल्ली और मध्य दिल्ली के बाजारों में पूरे देश से व्यापारी और ग्राहक आते हैं। रामलीला मैदान में लाखों लोगों की भीड़ जुटने से पूरी नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाएगी। पत्र में लिखा है, "मान्यवर राहुल गांधी जी, हम आपके लोकतांत्रिक अधिकार और विरोध प्रदर्शन का पूरा सम्मान करते हैं। लेकिन रामलीला मैदान, दिल्ली के व्यापार का दिल है। यहां रैली होने से चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, सदर बाजार, लाजपत नगर और कनॉट प्लेस तक का यातायात पूरी तरह बंद हो जाएगा। ट्रकों से माल की आवाजाही रुक जाएगी, जिससे छोटे व्यापारियों को भारी नुकसान होगा।"
व्यापारियों ने अपने पत्र में पांच प्रमुख कारण गिनाए हैं। पहला, ट्रैफिक डायवर्जन के कारण ग्राहकों का बाजारों तक पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। दूसरा, सुरक्षा कारणों से कई बाजारों को पुलिस द्वारा बंद करवा दिया जाता है। तीसरा, मजदूर और कर्मचारी रैली की भीड़ के कारण दुकानों तक नहीं पहुंच पाएंगे। चौथा, ऑनलाइन डिलीवरी और ट्रांसपोर्ट सेवाएं बाधित होंगी। और पांचवां, त्योहारी सीजन में एक दिन का नुकसान भी पूरे साल की कमाई पर असर डालता है। चांदनी चौक सर्व व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय भार्गव ने कहा, "पिछली बार भी जब रामलीला मैदान में बड़ी रैली हुई थी, तो हमारे बाजार में 70 फीसदी तक कारोबार गिर गया था। हम किसी राजनीति का विरोध नहीं कर रहे, हम सिर्फ तारीख बदलने की मांग कर रहे हैं।
रैली को बुराड़ी मैदान या किसी अन्य बड़े मैदान में शिफ्ट किया जा सकता है, जहां व्यापार पर असर न पड़े।" हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक इस पत्र पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि महारैली की तैयारी जोरों पर है और यह रैली बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए बेहद जरूरी है। रैली के लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें व्यापारियों की चिंता के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस रैली के दिन के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार कर रही है ताकि आम लोगों और व्यापारियों को कम से कम परेशानी हो। अब देखना होगा कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व व्यापारियों की इस अपील पर क्या रुख अपनाते हैं।




