दिल्ली वालों के लिए DMRC का तोहफा, मजेंटा लाइन बनेगी सबसे लंबी, 4 ट्रिपल इंटरचेंज से बदलेगा सफर
दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन जल्द सबसे लंबी बनने जा रही है। DMRC 4 नए ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन बनाएगा - सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आजादपुर, नई दिल्ली और इंदरलोक। यहां से तीन लाइनें बदल सकेंगे। सेंट्रल सेक्रेटेरिएट येलो, वॉयलेट और मजेंटा से जुड़ेगा। नई दिल्ली येलो, एयरपोर्ट और मजेंटा से। विस्तार के बाद लाइन 89KM लंबी होगी, 65 स्टेशन होंगे, 21 इंटरचेंज होंगे।

दिल्ली में मेट्रो से सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन देश की सबसे लंबी और सबसे ज्यादा कनेक्टिविटी वाली लाइन बनने जा रही है। DMRC ने ऐलान किया है कि मजेंटा लाइन के विस्तार के बाद इसमें 4 ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन बनेंगे, जहां एक ही जगह से तीन अलग-अलग मेट्रो लाइनों को बदला जा सकेगा। अभी तक दिल्ली में सिर्फ कश्मीरी गेट इकलौता ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन है, लेकिन फेज-4 और फेज-5A के पूरा होने के बाद सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आजादपुर, नई दिल्ली और इंदरलोक भी इस लिस्ट में शामिल हो जाएंगे। इसका सीधा फायदा मध्य दिल्ली, उत्तरी दिल्ली और नई दिल्ली के यात्रियों को मिलेगा।
सेंट्रल सेक्रेटेरिएट: यह स्टेशन अभी येलो और वॉयलेट लाइन का इंटरचेंज है। अब सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर (RK आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ) के तहत मजेंटा लाइन भी यहां से जुड़ेगी। DMRC के मुताबिक ये पूरा कॉरिडोर 9.913 KM लंबा और पूरी तरह अंडरग्राउंड होगा। इसमें 9 स्टेशन होंगे - शिवाजी स्टेडियम, युगे युगीन भारत, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल, हाईकोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ। इससे करीब 60,000 कर्मचारी और 2 लाख विजिटर्स को रोजाना फायदा होगा।
नई दिल्ली स्टेशन: यहां मजेंटा लाइन येलो लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से कनेक्ट होगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए ये सबसे बड़ा हब बनेगा। जादपुर: उत्तरी दिल्ली का ये बड़ा हब अभी येलो और पिंक लाइन को जोड़ता है, अब मजेंटा लाइन भी यहां आएगी। इंदरलोक: यहां मजेंटा लाइन ग्रीन और रेड लाइन से मिलेगी। पश्चिमी दिल्ली के यात्रियों के लिए सफर बेहद आसान हो जाएगा। अभी मजेंटा लाइन बोटैनिकल गार्डन से जनकपुरी वेस्ट तक 37 KM है। विस्तार के बाद ये बोटैनिकल गार्डन से इंदरलोक तक करीब 89 KM लंबी हो जाएगी और पिंक लाइन को पीछे छोड़ देगी।
इस पूरी लाइन पर कुल 65 स्टेशन होंगे, जिनमें से 40 अंडरग्राउंड होंगे। ये पूरी तरह से ड्राइवरलेस होगी। अभी इस लाइन पर 4 इंटरचेंज हैं - कालकाजी मंदिर, बोटैनिकल गार्डन, जनकपुरी वेस्ट और हौज खास। विस्तार के बाद 17 नए इंटरचेंज जुड़ेंगे, जिससे कुल संख्या 21 हो जाएगी, जो दिल्ली मेट्रो में सबसे ज्यादा है। DMRC का कहना है कि इन नए इंटरचेंज से यात्रा का समय घटेगा, सड़कों पर भीड़ कम होगी और सेंट्रल विस्टा, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट और सरकारी दफ्तरों तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। RK आश्रम से इंद्रप्रस्थ खंड 2028 तक और इंद्रप्रस्थ से इंदरलोक खंड 2029 तक पूरा होने की उम्मीद है।




