MLC चुनाव के नतीजों से पहले ही फुल कॉन्फिडेंस में बाहुबली विधायक अनंत सिंह, बोले- रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है...
बिहार MLC चुनाव के नतीजों से पहले मोकामा विधायक अनंत सिंह ने जीत का दावा कर दिया। उन्होंने कहा, जनता ने हमारे उम्मीदवार अनुज सिंह को वोट दिया है, हम जीत रहे हैं इसलिए जश्न मना रहे हैं। नीरज कुमार का किला टूट चुका है। वोटिंग के दौरान मोकामा में दोनों गुटों में झड़प भी हुई। अनंत सिंह ने पुलिस पर उनके लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया।

पटना: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान के बाद मतगणना से पहले ही सियासी पारा हाई हो गया है। मोकामा से जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि पटना स्नातक सीट पर उनके समर्थित उम्मीदवार की जीत तय है और जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार का किला टूट चुका है।मतगणना स्थल के बाहर मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह पूरी तरह कॉन्फिडेंस में नजर आए। उन्होंने कहा, "जनता ने हमारे उम्मीदवार को वोट दिया है और हमारे उम्मीदवार चुनाव जीत रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि हम जीत रहे हैं, इसलिए हम अभी से जश्न मना रहे हैं।" बता दें कि आज 23 अक्टूबर को बिहार में 8 MLC सीटों पर वोटिंग हुई है।
इसमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक सीट, जबकि पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक सीट पर मुकाबला है। कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं। लेकिन सबसे ज्यादा हॉट सीट बनी हुई है पटना स्नातक सीट। यहां मुकाबला सीधे जेडीयू बनाम जेडीयू हो गया है। एक तरफ जेडीयू के आधिकारिक प्रत्याशी और मौजूदा MLC नीरज कुमार हैं, तो दूसरी तरफ उन्हीं की पार्टी के विधायक अनंत सिंह ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। अनंत सिंह इस सीट पर जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह का खुला समर्थन कर रहे हैं। वोटिंग के दौरान मोकामा प्रखंड कार्यालय के पास दोनों गुटों में झड़प भी हो गई।
अनंत समर्थक अनुज सिंह और नीरज कुमार के समर्थक आमने-सामने आ गए, धक्का-मुक्की हुई। सूचना मिलते ही बाढ़ SDPO रामकृष्ण मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में भी लिया। अनंत सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कई जगहों पर हमारे लोगों को परेशान किया है, कुछ लोगों को पकड़ भी लिया है। उन्होंने पूछा कि बेकसूर लोगों को पकड़ने से क्या हासिल होगा? इतना ही नहीं, जेडीयू की ओर से संभावित कार्रवाई के सवाल पर अनंत सिंह ने बेखौफ अंदाज में कहा कि वे चाहते हैं पार्टी उन पर कार्रवाई करे। सुबह वोटिंग से पहले भी अनंत सिंह अपने दबंग अंदाज में दिखे। उन्होंने कहा, "ई रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है। तीन जिला में रसगुल्ला जाने में गाड़ी का किराया लग जाएगा। जनता मालिक है, हमारा जीत होगा।"
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नीरज कुमार के घर जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, "नीतीश जी हमर गुरु जी हैं। सब जहां ले जाता है, जाते हैं।" दूसरी तरफ नीरज कुमार भी सुबह घर से निकलते वक्त विक्ट्री साइन बनाते नजर आए। बता दें कि कुछ दिन पहले सीवान में दुर्गा पूजा के दौरान नीरज कुमार को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उनका पटना के मेदांता अस्पताल में इलाज चला था। बुधवार को ही उन्हें छुट्टी मिली थी। अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच ये अदावत पुरानी है। अनंत सिंह का आरोप है कि नीरज कुमार ने पिछले साल विधानसभा चुनाव में उनके खिलाफ प्रचार किया था, उसी का बदला अब वो MLC चुनाव में ले रहे हैं। फिलहाल पटना स्नातक की ये लड़ाई बिहार की सबसे प्रतिष्ठित लड़ाई बन गई है।




