Bihar: MLC चुनाव से पहले JDU में घमासान, नीरज कुमार को हराने की जिद पर अड़े अनंत सिंह, कहा- मेरी लड़ाई ...

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले विधान परिषद (MLC) के चुनाव ने JDU के भीतर बड़ी फूट पैदा कर दी है। पटना स्नातक सीट पर पार्टी के दो दिग्गज नेता आमने-सामने हैं और अब यह मामला सीधे पार्टी सुप्रीमो नीतीश कुमार के दरबार तक पहुंच गया है। दरअसल, JDU ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपने मौजूदा MLC और प्रवक्ता नीरज कुमार को फिर से उम्मीदवार बनाया है। लेकिन इसी पार्टी के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को अनंत सिंह ने अपने पटना स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान किया कि वे इस चुनाव में JDU प्रत्याशी नीरज कुमार को हराने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह का समर्थन करेंगे।
इस दौरान जन सुराज के उम्मीदवार भी उनके साथ मौजूद थे। अनंत सिंह ने कहा, "आज तक हम हारे नहीं हैं। अनुज सिंह चुनाव भी जीत जाएंगे। मेरे लिए जनता ही भगवान है।" उन्होंने यह भी कहा कि वे 1 अक्टूबर को अनुज सिंह के नॉमिनेशन में शामिल होंगे और उसके बाद पटना स्नातक क्षेत्र के सभी 26 विधानसभा क्षेत्रों में उनके लिए प्रचार करेंगे। अनंत सिंह ने इस बगावत को निजी लड़ाई बताया। उन्होंने आरोप लगाया, "नीरज कुमार के साथ मेरी लड़ाई निजी है। उन्होंने एक बार मेरे खिलाफ चुनाव लड़ा था। वह RCP सिंह खेमे में भी थे, जिसने मेरे मोकामा वाले घर में हथियार और विस्फोटक छिपाकर मेरे खिलाफ साजिश रची थी।"
गौरतलब है कि अनंत सिंह और नीरज कुमार का विवाद पुराना है। 23 सितंबर को जब JDU ने नीरज कुमार को टिकट दिया था तब भी अनंत सिंह ने विरोध किया था, लेकिन तब ललन सिंह के दखल के बाद मामला शांत कराया गया था। अब टिकट फाइनल होने के बाद अनंत सिंह फिर बागी हो गए हैं। अनंत सिंह के बागी तेवर के बाद JDU में हड़कंप मच गया है। यह पूरा मामला अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार तक पहुंच गया है। जानकारी के मुताबिक, बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार देर शाम नीतीश कुमार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। मुलाकात के बाद श्रवण कुमार ने मीडिया से कहा, "हमने पूरी बात नीतीश कुमार के संज्ञान में डाल दी है।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के संज्ञान में बात आई है। यह नहीं होना चाहिए लेकिन ऐसा हो रहा है। पार्टी के बड़े नेता इस पर निर्णय लेंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि जो हो रहा है वो अनुचित है और पार्टी में ऐसा नहीं होना चाहिए था। अब सबकी निगाहें नीतीश कुमार के फैसले पर टिकी हैं कि क्या अनंत सिंह पर कोई बड़ा एक्शन लिया जाएगा या फिर दोनों नेताओं में सुलह कराई जाएगी। उधर, पटना स्नातक MLC चुनाव 23 अक्टूबर को होना है, ऐसे में JDU की यह अंदरूनी लड़ाई महागठबंधन और जन सुराज के लिए बड़ा मौका बन सकती है।





