Big Breaking: Bihar-UP MLC चुनाव: BJP ने 10 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, बनारस-पटना में इन्हें टिकट

BJP ने बिहार और यूपी MLC चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने बिहार की 4 और उत्तर प्रदेश की 6 सीटों पर नामों का ऐलान किया है। ये चुनाव ग्रेजुएट और टीचर कोटे की विधान परिषद सीटों के लिए हो रहे हैं। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होना है। NDA में सीट शेयरिंग के तहत 4 सीट BJP और 4 सीट JDU के खाते में गई है। JDU पहले ही अपनी 4 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। अब BJP ने अपनी लिस्ट जारी की है। पटना शिक्षक सीट से नवल किशोर यादव को फिर से टिकट दिया गया है। यह उनका गढ़ माना जाता है। वे पिछले 30 साल से लगातार 5 बार MLC बन रहे हैं और अब छठी जीत के लिए मैदान में हैं। वे 2 बार BJP, 1 बार RJD और 2 बार निर्दलीय जीत चुके हैं।
कोसी स्नातक सीट से डॉ. नरेंद्र कुमार यादव उर्फ एनके यादव को रिपीट किया गया है। पेशे से डॉक्टर एनके यादव लगातार 2 बार से इस सीट पर जीत रहे हैं, अब हैट्रिक लगाने की तैयारी में हैं। दरभंगा स्नातक सीट पर सबसे दिलचस्प नाम सर्वेश कुमार का है। 2020 में BJP से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा और JDU के दिलीप चौधरी को हरा दिया था। अब BJP ने उन्हें ही अपना उम्मीदवार बना लिया है। इस बार NDA में सीटों की अदला-बदली हुई है, BJP ने JDU से यह सीट ली है। तिरहुत शिक्षक सीट से नरेंद्र प्रसाद सिंह को उतारा गया है। वे 2008 में इसी सीट से जीत चुके हैं, पिछली बार हारे थे, लेकिन पार्टी ने फिर उन पर दांव लगाया है।
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की कुल 11 सीटों पर चुनाव हो रहा है - 5 स्नातक और 6 शिक्षक सीटें। BJP ने फिलहाल 6 सीटों पर नाम घोषित किए हैं। बनारस स्नातक सीट से केदार नाथ सिंह को टिकट मिला है। वे इस सीट के मजबूत नेता माने जाते हैं। मेरठ स्नातक क्षेत्र से मौजूदा MLC दिनेश गोयल को फिर से मौका दिया गया है। इस बड़ी सीट से अशोक कुमार राठौर को उम्मीदवार बनाया गया है। वाराणसी शिक्षक सीट से डॉ. प्रमोद मिश्रा को टिकट मिला है। आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी को मैदान में उतारा गया है। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट से ध्रुव त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया गया है।
नामांकन 29 सितंबर से शुरू हो गया है, 6 अक्टूबर तक पर्चा भरा जाएगा। 7 अक्टूबर को स्क्रूटनी और 9 अक्टूबर तक नाम वापसी होगी। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक खत्म हो जाएगी। BJP ने दोनों राज्यों में अनुभवी और जिताऊ चेहरों पर भरोसा जताकर शिक्षक और ग्रेजुएट वोटर्स को साधने की कोशिश की है।
विषय





