दिल्ली मेट्रो पर बड़ा अपडेट: आज रात 9 बजे से बंद होंगे 57 स्टेशनों के गेट?
दिल्ली में CJP के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा अलर्ट जारी है। दिल्ली पुलिस ने आज रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट गेट बंद करने का प्रस्ताव DMRC को भेजा है, इंटरचेंज जारी रह सकता है। इधर रेलवे ने सुबह 4 से दोपहर 2 बजे तक नई दिल्ली और निजामुद्दीन आने वाली मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दीं। CJP, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगी।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बड़े प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था टाइट कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को आज रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने का प्रस्ताव भेजा है। हालांकि इंटरचेंज की सुविधा जारी रह सकती है, लेकिन अंतिम फैसला DMRC ही लेगी। सूत्रों के मुताबिक ये प्रस्ताव संयुक्त पुलिस आयुक्त (परिवहन रेंज) के कार्यालय से भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि जंतर-मंतर और नई दिल्ली जिले के संवेदनशील इलाकों में भीड़ के अनियंत्रित होने की आशंका है, इसलिए एहतियातन ये कदम जरूरी है।
CJP के आंदोलन को देखते हुए भारतीय रेलवे ने भी सख्ती दिखाई है। 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रेलवे का कहना है कि प्रदर्शन के कारण नई दिल्ली स्टेशन के आसपास भारी जाम लग सकता है, जिससे यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में दिक्कत होगी। CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के मुद्दे को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है। इससे पहले 2 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन में भी दिल्ली में 11 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए थे और AAP नेता सौरभ भारद्वाज समेत 550 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया था।
इस बार भी पुलिस ने जंतर-मंतर पर धारा 163 (पहले धारा 144) लागू कर दी है और प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। करीब 40-57 मेट्रो स्टेशन बंद करने, ऐप-बेस्ड कैब पर रोक और 10 डिटेंशन सेंटर तैयार रखने की तैयारी है। केंद्रीय सशस्त्र बलों की भी तैनाती बढ़ा दी गई है। DMRC ने अभी आधिकारिक लिस्ट जारी नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि मध्य दिल्ली के स्टेशन - राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस, जनपथ, नई दिल्ली, चावड़ी बाजार, लोक कल्याण मार्ग, INA, रामकृष्ण आश्रम मार्ग जैसे स्टेशन प्रभावित होंगे।
सुप्रीम कोर्ट पहले ही जुलाई में 17 मेट्रो स्टेशन बंद करने पर केंद्र, दिल्ली पुलिस और DMRC को नोटिस जारी कर चुका है। कोर्ट ने कहा था कि SOP के नाम पर अधिकारों का असंतुलित इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। फिलहाल DMRC की ओर से अंतिम आदेश का इंतजार है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले DMRC की X हैंडल और आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट जरूर चेक कर लें।
विषय




