दिल्ली MCD की बड़ी पहल: कर्मचारियों का वेतन बढ़ा, सफाई कर्मियों की सैलरी 50 हजार, मृत कर्मचारियों के परिजनों को अनुकंपा नौकरी...
दिल्ली नगर निगम ने मानवीय पहल करते हुए मृत कर्मचारियों के 46 परिजनों को अनुकंपा के आधार पर MTS पद पर नौकरी दी है। MCD मुख्यालय में मेयर प्रवेश वाही ने नियुक्ति पत्र सौंपे। साथ ही 1467 सफाई कर्मचारियों को नियमित किया गया है, जिससे उनकी सैलरी बढ़कर 50,000 रुपये तक होगी। निगम ने 4,000 MTS कर्मचारियों को समान कार्य समान वेतन के तहत वेतन बढ़ोतरी का लाभ भी दिया है।

दिल्ली नगर निगम (MCD) ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की है। निगम ने अपने दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को बड़ा सहारा देते हुए 46 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी दी है, वहीं लंबे समय से पक्के होने का इंतजार कर रहे 1467 सफाई कर्मचारियों को नियमित करने का भी ऐलान किया है। MCD मुख्यालय के सत्य नारायण बंसल सभागार में सोमवार को एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मेयर प्रवेश वाही ने खुद अपने हाथों से 46 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। ये सभी नियुक्तियां जन स्वास्थ्य विभाग में मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS - पब्लिक हेल्थ) के पद पर की गई हैं।
मेयर प्रवेश वाही ने इस मौके पर कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा, "किसी कर्मचारी के असमय निधन के बाद उसके परिवार को आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में निगम की जिम्मेदारी है कि वह उनके परिवार को संबल दे। यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि एक परिवार को फिर से खड़े होने का मौका है।" यह MCD की नई नीति का हिस्सा है। पहले अनुकंपा नौकरी का लाभ केवल सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को मिलता था, लेकिन अब निगम ने MTS (पब्लिक हेल्थ) कर्मचारियों के आश्रितों को भी इसमें शामिल कर लिया है। यह पहला मौका है जब इस कैटेगरी के 46 परिवारों को एक साथ नौकरी दी गई है।
इससे पहले अक्टूबर में ही निगम ने 109 दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी दी थी और 542 आश्रितों को दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारी के रूप में रखा था। दूसरी बड़ी खुशखबरी सफाई कर्मचारियों के लिए है। मेयर ने बताया कि पिछले दो महीनों में ही 1467 सफाई कर्मचारियों को नियमित (पक्का) किया गया है। इसमें अक्टूबर महीने में 1998-2000 और 2000-2002 बैच के 505 कर्मचारियों को नियमित किया गया। इनके नियमित होने के बाद अब इनकी सैलरी 18,500 रुपये से बढ़कर लगभग 50,000 रुपये तक हो जाएगी, जिससे उनके परिवारों को बड़ी आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
मेयर ने आगे बताया कि यह सिर्फ शुरुआत है। MCD का लक्ष्य अगले तीन महीनों में कुल 7,630 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करना है। दिवाली से पहले ही 400 और कर्मचारियों को पक्का करने की तैयारी है। इसके साथ ही निगम ने 'बराबर काम के लिए बराबर वेतन' के सिद्धांत को लागू करते हुए जन स्वास्थ्य विभाग के करीब 4,000 MTS कर्मचारियों को उनका हक और बढ़ा हुआ वेतन भी दिया है। उनकी सैलरी 18,500 से बढ़ाकर 28,600 रुपये कर दी गई है। साथ ही 111 असिस्टेंट सैनिटेशन इंस्पेक्टरों को प्रमोट कर सैनिटेशन इंस्पेक्टर भी बनाया गया है। MCD के इस कदम को कर्मचारी संगठनों ने भी सराहा है। उनका कहना है कि यह फैसला न सिर्फ प्रशासनिक है, बल्कि कर्मचारियों के सालों के कठिन परिश्रम का सम्मान भी है।
विषय




