'कला खरीद ली क्या?' दलेर मेहंदी के अपमान पर भड़के राजपाल यादव, मंत्री को लाइव सुनाई खरी-खोटी
कुंजापुरी मेले में सिंगर दलेर मेहंदी पर मंत्री सुबोध उनियाल ने शराब पीकर परफॉर्म करने का आरोप लगाया और मंच पर ही फटकार लगा दी। इस पर राजपाल यादव भड़क गए। उन्होंने इंस्टा वीडियो में कहा - "दलेर पाजी शराब नहीं पीते, मैंने वेलकम टू द जंगल में साथ काम किया है, तबीयत खराब है। ऐसा लगा जैसे आपने कला खरीद ली हो। कला खरीदी नहीं जाती, कला जीवन है। "मीका सिंह, अनुपम खेर भी सपोर्ट में आए।

पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में हुई एक घटना को लेकर विवादों में हैं। अब उनके समर्थन में बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव भी उतर आए हैं और उन्होंने उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल पर जमकर निशाना साधा है। दरअसल 18 अक्टूबर को दलेर मेहंदी को टिहरी के नरेंद्र नगर में लगे प्रसिद्ध कुंजापुरी मेले में परफॉर्मेंस के लिए बुलाया गया था। यह मेला नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा को समर्पित होता है। स्टेज पर परफॉर्मेंस के दौरान दलेर मेहंदी की आवाज लड़खड़ा रही थी। तभी मंच पर उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल पहुंच गए और उन्होंने माइक पर ही दलेर मेहंदी को फटकार लगाना शुरू कर दिया।
मंत्री ने आरोप लगाया कि सिंगर ने शराब पी रखी है और देवी के मंच का सम्मान नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा - "इतना पैसा देकर बुलाया है, आपने इतनी पी रखी है कि बोला नहीं जा रहा, आप लोगों को बेवकूफ बना रहे हो।" इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बुधवार 21 अक्टूबर को राजपाल यादव ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में उन्होंने कहा, "एक कला के विद्यार्थी के नाते एक बात कहना चाहता हूं। लीजेंड सिंगर दलेर मेहंदी की आवाज ने दशकों से देश-दुनिया में सेवा की है। एक सम्मानित मंत्री हजारों लोगों के सामने उनसे अशोभनीय शब्दों में बात कर रहे थे। माननीय मंत्री जी आपको यह शोभा नहीं देता। ऐसा लगा जैसे आपने कला को ही खरीद लिया हो। कला कभी खरीदी नहीं जा सकती। कला एक जीवन है, जीवन का सम्मान करिए।"
उन्होंने आगे कहा, "आपकी जानकारी के लिए बता दूं, दलेर पाजी शराब नहीं पीते। मैंने भी उनके साथ 'वेलकम टू द जंगल' में काम किया है। उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा है और सब लोग यही प्रयास कर रहे हैं कि वो जल्दी अच्छे हों। "राजपाल ने कैप्शन में लिखा - "कलाकार का अपमान मतलब कला का अपमान और कला का अपना एक कद है। कद कभी पैसों से नहीं तोला जा सकता। पद आते हैं जाते हैं, लेकिन कद हमेशा रहता है।" दलेर मेहंदी के समर्थन में सबसे पहले उनके भाई मीका सिंह आए। मीका ने बताया कि दलेर की हाल ही में बड़ी सर्जरी हुई है और वो पिछले 2 साल से बीमार चल रहे हैं। उन्होंने चुनौती दी - "अगर कोई साबित कर दे कि दलेर पाजी ने शराब पी है तो मैं गाना छोड़ दूंगा।"
इसके बाद रैपर बादशाह, कपिल शर्मा, अनुपम खेर ने भी दलेर का सपोर्ट किया। अनुपम खेर ने कहा - "आपको शिकायत हो सकती है, लेकिन क्या सबके सामने अपमानित करना जरूरी था? यही बात सम्मान के साथ अकेले में भी कही जा सकती थी।" सोशल मीडिया पर भी यूजर्स मंत्री के बर्ताव पर भड़के हुए हैं और कह रहे हैं कि एक लीजेंड सिंगर का इस तरह मंच पर अपमान करना गलत है।
विषय




