फतेहाबाद के चांदपुरा में मिला नवजात बच्ची का शव

फतेहाबाद। फतेहाबाद जिले में गुरूवार को मानवता को शर्मसार करने की घटना सामने आई। जिले में जाखल खंड के गांव चांदपुरा में आज सुबह सडक़ पर एक नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत इस बारे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जाखल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और नवजात के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। मिली जानकारी के अनुसार गांव चांदपुरा में गुरूवार सुबह जब ग्रामीण सुबह सैर के लिए निकले तो उन्होंने गुरूद्वारे के पास वाली सडक़ पर नाली के किनारे एक नवजात बच्ची के शव को पड़े देखा। कुछ ही क्षणों में पूरे गांव में नवजात बच्चे का शव मिलने की बात फैल गई। सूचना मिलते ही गांव के सरपंच अमरीक सिंह व ब्लाक समिति मैम्बर रामचन्द्र भी मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना डायल 112 पर दी। जाखल थाना प्रभारी सुरेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। बाद में सीन ऑफ क्राइम की टीम को भी जींद से बुलाया गया। जाखल थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर जांच पड़ताल कर रही है। आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नवजात के शव को यहां किसने छोड़ा है।





