फतेहाबाद: हार्न बजाने पर ई-रिक्शा चालक को पीटा, मामला दर्ज
फतेहाबाद,। फतेहाबाद से गांव भोडिय़ा खेड़ा में जा रहे ई-रिक्शा चालक
को हॉर्न बजाना महंगा पड़ गया। ई-रिक्शा के आगे जा रहे पांच युवकों ने तैश
में आकर चालक को बाहर खींच लिया और उसकी जमकर धुनाई की। घायल चालक को
उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस
को दी शिकायत में गांव भोडिय़ाखेड़ा निवासी विनोद ने कहा है कि वह ई-रिक्शा
चलाता है। गुरुवार की शाम वह घरेलू सामान लेकर गांव भोडिय़ाखेड़ा जा रहा था।
जैसे ही वह हनुमान मंदिर के पास पहुंचा तो उसकी ई-रिक्शा के आगे 5 युवक जा
रहे थे। जब उसने ई-रिक्शा का हॉर्न बजाया तो उक्त पांचों युवक तैश में आ
गए और उसका रास्ता रोककर उसे ई-रिक्शा से बाहर खींच लिया और उसके साथ
मारपीट करनी शुरू कर दी। इन युवकों में चार की पहचान शिबु भोडिय़ाखेड़ा,
साहिल, सन्नी, महेन्द्र के रूप में हुई है। विनोद ने कहा कि इन लोगों ने
उसे जमीन पर गिराकर लातों से बुरी तरह मारा।
उसके शोर मचाने पर
आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो उक्त युवक उसे जान से मारने की धमकी देकर
मौके से फरार हो गए। बाद में मौके पर पहुंचे उसके परिजनों ने उसे उपचार के
लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया जहां से उसे रेफर केर
दिया गया। इसके बाद परिजन उसे शहर के निजी अस्पताल में ले गए जहां उसका
उपचार चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने पांचों युवकों के खिलाफ केस दर्ज
कर जांच शुरू कर दी है।





