प्रधानमंत्री के द्वारका दर्शन को ड्रामा बताना राहुल का सनातन विरोधी नया पैगाम : महेंद्र भट्ट
देहरादून । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र
भट्ट ने प्रधानमंत्री मोदी के समुद्र में द्वारका दर्शन को ड्रामा बताने
संबंधी राहुल गांधी के बयान को सनातन विरोधी दुकान का नया नफरती पैगाम
बताया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद महेंद्र
भट्ट ने जारी बयान में कहा कि राहुल गांधी ने ऐसा बोल कर फिर से अपनी
सनातन विरोध की भावना को उजागर कर दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और
कांग्रेस नेताओं के मन में हिंदू धर्म को लेकर कैसी नफ़रत की भावना है, वह
एक बार फिर से सामने आ गई है।
उन्होंने तंज किया कि
प्रधानमंत्री मोदी समुद्र के नीचे द्वारका का दर्शन करने गए थे,लेकिन राहुल
गांधी को वहां सिर्फ समुद्र ही नजर आ रहा है। भारतीय संस्कृति, हिंदू धर्म
और प्रधानमंत्री मोदी के लिए कांग्रेस की दुर्भावना और पाकिस्तान से
कांग्रेस के लिए आ रहे मोहब्बत के पैगाम सब देख रहे हैं। क्योंकि पाकिस्तान
वही भाषा बोल रहा है जो कांग्रेस बोल रही है कि भाजपा की सरकार नहीं आनी
चाहिए।
उन्होंने कहा कि डरने वाले ही सुरक्षित सीट के लिए एक से दूसरी,तीसरी जगह ढूंढते रहते हैं।
राहुल
गांधी जिस तरह की भाव भंगिमा और भाषा का प्रयोग लगातार प्रधानमंत्री मोदी
के लिए कर रहे हैं, वह बहुत ही अपमानजनक और दुखद है। देश देख रहा है कि कौन
हार के डर से लगातार चुनावी सीट और परिवार बदल रहा है। उन्होंने राहुल
गांधी के वायनाड और रायबरेली, दोनों लोकसभा सीट से हारने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उनके लिए तीसरी सीट भी ढूंढ लेनी चाहिए।
ज्यों-ज्यों लोकसभा चुनाव आगे बढ़ रहा है, कांग्रेस की स्थिति गिरती जा रही
है और उससे कहीं अधिक उनके नेताओं की भाषा भी गिरती जा रही है।
उन्होंने
कहा कि कांग्रेस का अब एक नारा है 'रायबरेली जाओ सांसदी बचाओ'। लेकिन
राहुल गांधी की सांसदी वहां भी बचने वाली नहीं है,यही हताशा उनके बयानों
में अब स्पष्ट दिखाई दे रही है।





