Bihar MLC Election Result: शिक्षकों ने जताया NDA पर भरोसा, तिरहुत में बीजेपी प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह की जीत
बिहार MLC चुनाव में पहला परिणाम तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आया है, जहां NDA-BJP के डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह जीते हैं। उन्हें 2945 वोट मिले और उन्होंने निर्दलीय भूषण झा (2351 वोट) को 594 वोटों से हराया। पहली वरीयता में त्रिकोणीय मुकाबला था, लेकिन CPI के संजय सिंह के बाहर होने पर दूसरी वरीयता से NDA को जीत मिली। 23 अक्टूबर को इस सीट पर 8760 में से 85% मतदान हुआ था। जीत के बाद समर्थकों ने जश्न मनाया।

मुजफ्फरपुर: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव के सबसे पहले नतीजे सामने आ गए हैं। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से NDA प्रत्याशी और बीजेपी समर्थित उम्मीदवार डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दलीय भूषण झा को 594 वोटों से हराया है। इस जीत के साथ ही बिहार MLC चुनाव में NDA का खाता खुल गया है। हालांकि अभी चुनाव आयोग की ओर से आधिकारिक घोषणा बाकी है। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की गिनती काफी रोचक रही। पहली वरीयता के मतों में नरेंद्र प्रसाद सिंह को 1931 वोट मिले थे, जबकि निर्दलीय भूषण कुमार झा को 1710 और CPI समर्थित वर्तमान MLC डॉ. संजय कुमार सिंह को 1769 वोट मिले थे।
वरीयता आधारित प्रणाली में CPI के संजय सिंह के बाहर होने के बाद मुकाबला नरेंद्र प्रसाद सिंह और भूषण झा के बीच सिमट गया। दूसरी वरीयता के मतों की गिनती के बाद तस्वीर बदल गई और नरेंद्र प्रसाद सिंह ने बाजी मार ली। फाइनल आंकड़ों के मुताबिक -बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह - 2945 वोट, निर्दलीय भूषण झा - 2351 वोट, CPI के संजय सिंह - 1967 वोट। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इस सीट पर कुल 8,760 मतदाता थे और करीब 82.99 से 85 प्रतिशत तक मतदान हुआ था, जो शिक्षक निर्वाचन में सबसे ज्यादा माना जा रहा है। मतगणना मुजफ्फरपुर के MIT के प्रशासनिक भवन में 7 टेबलों पर कराई गई।
जीत की खबर मिलते ही मतगणना केंद्र के बाहर जश्न का माहौल बन गया। समर्थकों और NDA कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र प्रसाद सिंह को फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें कंधे पर उठा लिया। जमकर नारेबाजी हुई। जीत के बाद नरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा, "यह जीत NDA के सभी घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की है। शिक्षकों ने सरकार के वादों और उसकी नीतियों पर भरोसा जताया है, जिसके कारण यह समर्थन मिला है।" उन्होंने इसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की जीत बताया। बिहार की 8 MLC सीटों - पटना शिक्षक, पटना स्नातक, दरभंगा शिक्षक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत शिक्षक, तिरहुत स्नातक, सारण शिक्षक और कोसी स्नातक - पर 150 उम्मीदवार मैदान में हैं। तिरहुत शिक्षक का परिणाम सबसे पहले आया है।
पटना शिक्षक सीट से NDA के नवल किशोर यादव आगे चल रहे हैं तो पटना स्नातक से JDU के नीरज कुमार को बढ़त मिली है। वहीं दरभंगा शिक्षक सीट से जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय ने बढ़त बनाई हुई है, जो NDA के लिए झटका माना जा रहा है। पटना में काउंटिंग हॉल में 3500 वोटों की गिनती के दौरान धांधली के आरोप में हंगामा भी हुआ, जिसके बाद ऑब्जर्वर की मौजूदगी में दोबारा गिनती शुरू कराई गई है।




