यमुनानगर: लोकसभा चुनाव परिणाम, विधानसभा के लिए अच्छा संकेत:बीएल सैनी
यमुनानगर,। हरियाणा में कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा और
निश्चित तौर पर विधानसभा चुनाव में हुड्डा सरकार बनाने का जनता ने निर्णय
ले लिया है। यह कहना था रादौर से कांग्रेस के विधायक बी.एल.सैनी का जो अपने
निवास पर बुधवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा
कि लोकसभा चुनाव के परिणाम इस बात का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस
के शीर्ष नेताओं ने भूपेंद्र हुड्डा को पूरी तरह से फ्री हैंड दिया हुआ था
और जिस तरह से उन्होंने लोकसभा की टिकटों और चुनाव का प्रबंध किया, उसी का
नतीजा है कि हम प्रदेश में भाजपा की एकतरफा जीत को रोक पाए।
उन्होंने
कहा कि इस बारे में विचार किया जाएगा कि जिन पांच सीटों पर हम हारे हैं,
उस पर क्या कमियां रहीं। इसे लेकर भी हर बूथ स्तर पर आंकलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के बड़े-बड़े धुरंधर कैबिनेट मंत्री और मंत्री क्या
देश में और क्या प्रदेश में सभी को जनता ने उखाड़ फेंका है और उनकी
जुमलेबाजियों को जनता ने समझ लिया है। उन्होंने कहा कि जनता ही लोकतंत्र
में सर्वोपरि है। जनता ही सत्ता पर बैठाती है और सत्ता से उतारती है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में हरियाणा
में आने वाले विधानसभा की 90 सीटों में 70 से 80 सीटें कांग्रेस की झोली
में आएंगी। आज जनता भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर देख रही है और निश्चित तौर
पर आने वाले समय में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।





