जोशीमठ के आपदा पीड़ित दलित परिवारों पर दर्ज मुकदमें वापस लिए जाए- अतुल सती
गोपेश्वर,। जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति ने मांग की है कि जोशीमठ के आपदा
पीड़ित दलित परिवारों पर किये गये फर्जी मुकदमों को वापस लिया जाए। समिति
की ओर से इस संबंध में गुरुवार को एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी के माध्यम से
मुख्यमंत्री को भेजा गया है।
जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक
अतुल सती ने बताया है कि जोशीमठ क्षेत्र के तमाम वाशिंदे अपने विस्थापन और
पुनर्वास की मांग को लेकर एक मशाल जुलूस में शामिल हुए थे। यह मशाल जुलूस
11 मई 2023 को जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति की ओर से साल भर चले आंदोलन के
क्रम में अपनी मांगों के संदर्भ में निकाला था।
उन्होंने बताया कि
संघर्ष समिति की ओर से उपजिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को इसकी
सूचना भी दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस की ओर से दलित परिवारों के आपदा
पीड़ितों को मुकदमें के नोटिस थमा दिए गये हैं। पुलिस की यह कार्रवाई किसी
प्रकार से न्यायोचित नहीं है। वर्तमान समय में भी आपदा पीड़ित अपनी मांगों
को लेकर लगातार सरकार से गुहार लगा रहे हैं लेकिन उनकी मांगों को सुनने के
बजाय उल्टा उन पर मुकदमें किये जाने के नोटिस दिए जा रहे हैं जो सरासर गलत
है।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि आपदा पीड़ितों के ऊपर हो रही इस कार्रवाई को रोका जाए तथा मुकदमें वापस लिये जाएं।
ज्ञापन देने वालों में अतुल सती, संजय उनियाल, बुद्धिलाल, भवानी, महेंद्र, लक्ष्मी देवी, दीपक कुमार टम्टा आदि शामिल थे।





