झारखंड कांग्रेस प्रभारी पहुंचे रांची, नेताओं ने किया स्वागत
रांची। विश्व आदिवासी दिवस और कांग्रेस की ओर से 19 जिलों में निकाली जा रही आजादी की गौरव यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस के झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे मंगलवार को रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया। स्वागत करने वाले नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, आभा सिन्हा, रमा खलखो और बंधु तिर्की सहित अन्य नेता शामिल थे।अविनाश पांडे ने पत्रकारों से बातचीत में बिहार में सियासी उठापटक को लेकर कहा कि अब लोग जागृत हो रहे हैं। साथ ही सभी पार्टियां भी एनडीए की कूटनीति को समझ चुकी हैं। इस तरह से देश में अनकही आपातकालीन देखने को मिल रहा है। इससे लोग राजनीतिक सचेत हो रहे हैं। साथ ही बिहार में नहीं जल्द ही मध्य प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे राज्य में भी राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेंगे। झारखंड मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर पूछे गए सवाल पर पांडे ने कुछ भी कहने से साफ मना कर दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस पर कोई चर्चा नहीं हो रही है।उन्होंने कहा कि नौ अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस है और कांग्रेस द्वारा 19 जिलों में गौरव यात्रा निकाली जा रही है। इसमें हम देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए लोगों के पास जाएंगे और झारखंड में कार्यकर्ता करीब 2250 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। उन्होंने बताया कि यह गौरव 14 अगस्त तक चलेगी, जिसमें हमारे कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हर जिला में, प्रखंड में और गांव गांव जाकर लोगों को आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर यह संदेश देंगे कि हमें किस प्रकार से जागरूक होना है ताकि देश का लोकतंत्र को बच सकें।





