भारत-वेस्टइंडीज मैच का जबरदस्त क्रेज, टिकट के लिए रात दो बजे से इंतजार करते दिखे प्रशंसक

रांची। रांची के झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) स्टेडियम में नौ अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। मैच के टिकट खरीदने के लिए सोमवार को धुर्वा स्थित स्टेडियम के पश्चिमी छोर पर बने काउंटर के बाहर दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी।
टिकट लेने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक रात दो बजे से ही कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। सुबह होते-होते कतार और लंबी हो गई। पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्राएं भी घंटों लाइन में खड़ी रहीं। कई प्रशंसकों ने बताया कि वे सुबह पांच-छह बजे से टिकट के लिए कतार में लगे हैं।
लंबे इंतजार के बावजूद प्रशंसकों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा जोश है और टिकट हासिल करने के लिए वे घंटों इंतजार करने को भी तैयार हैं।
संघ के नियमों के अनुसार, टिकट काउंटर से एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट ही दिए जा रहे हैं। वहीं, भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए काउंटर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
टिकट काउंटर के बाहर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है, ताकि कतार को व्यवस्थित रखा जा सके और टिकटों की बिक्री शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो।





