हिसार : शराब के नशे में हुई कहासुनी के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या

हिसार, 18 फरवरी (हि.स.)। शहर के मधुबन पार्क के सामने शराब के नशे में हुई कहासुनी के बाद एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना नगर निगम की ओर से बनाए गए अस्थाई रैन बसेरे में हुई। मृतक की पहचान जींद निवासी 45 वर्षीय बलकार के रूप में हुई है। घटना के सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया।मिली जानकारी के अनुसार जींद निवासी बलकार की शराब के नशे में हुई कहासुनी के बाद हत्या कर दी गई। मधुबन पार्क के सामने नगर निगम ने ठंड से बचाव के लिए अस्थायी रैन बसेरा बनाया हुआ है, जहां रोजाना जरूरतमंद लोग रात बिताते हैं। मंगलवार देर रात रैन बसेरे में ठहरे तीन-चार लोगों के बीच शराब पीने के दौरान कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि झगड़े में बलकार के सीने पर जोरदार चोट मारी गई। चोट लगने के बाद उसकी नाक से खून बहने लगा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। सुबह अन्य लोगों ने बलकार को बेसुध हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिले के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी कृष्ण मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस रैन बसेरे में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।





