फतेहाबाद : महिला से छीना झपटी का आरोपी गिरफ्तार

फतेहाबाद। भट्टू रोड पर नहर कालोनी मोड़ के समीप एक महिला से सोने के गहने छीनने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने सोमवार को एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमलजीत पुत्र परमजीत सिंह निवासी हरनाम सिंह कॉलोनी, स्वामी नगर, फतेहाबाद के रूप में हुई है। आरोपी से एक मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है।
शहर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा ने बताया कि थाना शहर फतेहाबाद में सीमा देवी उर्फ श्यामो बाई पत्नी राधेश्याम निवासी नहर कॉलोनी, फतेहाबाद की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार गत 21 सितंबर को महिला सुबह सत्संग घर जाने के लिए निकली थी। रास्ते में गीता धर्मशाला के पास एक सफेद रंग की गाड़ी खड़ी थी, जिसके पास खड़े एक युवक ने खुद को सत्संग घर जाने वाला बताते हुए उसे गाड़ी में बैठा लिया।
इसके बाद आरोपी महिला को सुनसान स्थान पर ले गया और डरा-धमकाकर उसके कानों की सोने की बालियां, चांदी के कड़े और एक मोबाइल फोन छीन लिया। शिकायत पर थाना शहर फतेहाबाद में मामला दर्ज किया गया। तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी कमलजीत उर्फ नागर को काबू कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है।





