फतेहाबाद : विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों की ठगी के आराेप में एक काबू

फतेहाबाद। विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों की रकम ऐंठने के मामले में कार्रवाई करते हुए इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान साहिल पुत्र रमेश कुमार निवासी बनवाली सोतर हाल गुरुनानकपुरा मोहल्ला फतेहाबाद के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना शहर फतेहाबाद में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गुरूवार को इकोनॉमिक सेल प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बारे पुलिस ने अंकित पुत्र औमप्रकाश निवासी फूलां, जिला फतेहाबाद की शिकायत पर केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि साहिल पुत्र रमेश कुमार निवासी बनवाली सोतर, हाल गुरुनानकपुरा मोहल्ला फतेहाबाद व उसकी पत्नी गगन ने उसे सिंगापुर भेजने का झांसा दिया और किस्तों में करीब 5 लाख की राशि वसूल ली।
रकम नकद व यूपीआई के माध्यम से ली गई थी, लेकिन न तो वीजा मिला और न ही टिकट। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना शहर फतेहाबाद में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल को काबू कर लिया। मामले की गहनता से जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आमजन को ऐसे धोखाधड़ी करने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहना चाहिए और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देनी चाहिए।





