यमुनानगर: उद्योगपति के घर लूटपाट में एक गिरफ्तार, आरोपी करता था उनके यहां नौकरी
यमुनानगर: उद्योगपति के घर लूटपाट में एक गिरफ्तार, आरोपी करता था उनके यहां नौकरी
-- हेलमेट पहनकर घर में घुसे थे बदमाश
-- कुछ ही घंटों में किया एक गिरफ्तार
यमुनानगर, 24 फरवरी । जगाधरी में गुरुवार देर रात को हुई उद्योगपति के घर लाखों की लूटपाट करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उद्योगपति के यहां नौकरी करता था। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। जिला पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने शुक्रवार को अपने कार्यलय में पत्रकारों में यह जानकारी दी।
जगाधरी में बीती रात एक उद्योगपति के घर हेलमेट पहनकर पहुंचे दो युवकों ने पिस्तौल व चाकू की नोक पर परिवार को बंधक बनाया था और घर में रखे लाखों के गहने व नगदी लूट ली थी। बदमाश उद्योगपति को चाकू से घायल कर फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस तत्परता दिखाते हुए यमुनानगर में चारों ओर नाकाबंदी कर दी। जिसके चलते आरोपी घटना के कुछ ही घंटे में पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों में मारपीट के दौरान एक बदमाश युवक का हेलमेट कुछ ढीला हो गया। जिसके चलते उसकी पहचान हो गई थी। उसी आधार पर तुरंत छापेमारी की गई और रविंद्र नामक एक युवक को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से कुछ गहने बरामद किए गए हैं। आरोपी पिछले साल तक उद्योगपति के पास काम करता था। उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। अब पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ करके उसे बाकी की ज्वेलरी व कैश के बारे में पता करके उसे बरामद किया जाएगा। दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





