फतेहाबाद : ठगी की आराेपी महिला मध्य प्रदेश से गिरफ्तार

फतेहाबाद। परिचित बनकर एक लाख रुपये की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने एक महिला आरोपी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मंजू मिश्रा पत्नी सुनील मिश्रा निवासी भोपाल हुजूर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। मंगलवार को थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि शिकायतकर्ता सोहन सिंह पुत्र भाग सिंह निवासी वार्ड नंबर 11, रतिया, जिला फतेहाबाद ने बताया कि 27 फरवरी 2024 को एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को उसके परिचित का बेटा बताकर पैसों की आवश्यकता होने का दावा किया। विश्वास में आकर शिकायतकर्ता ने गूगल-पे के माध्यम से एक लाख की राशि आरोपी के बताए गए मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर कर दी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान मंजू मिश्रा के रूप में हुई, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।





