सदर अस्पताल के मुख्य द्वार पर महिला ने दी बच्ची को जन्म
रांची। शनिवार को सदर अस्पताल रांची में उस वक्त लोग सिस्टम को कोसने लगे जब एक गर्भवती महिला को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई और सदर अस्पताल के मुख्य द्वार पर ही बच्ची को जन्म देना पड़ा। दरअसल गर्भवती महिला चमरी पति मंगल मुंडा खूंटी जिला अड़की थाना क्षेत्र के टैटूबन्तू नामक गांव से बुंडू अस्पताल पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने उसे रांची के लिए रेफर कर दिया। पति कार में ही उसे बैठा कर सदर अस्पताल रांची ले आए। जैसे ही सदर अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने इसकी सूचना डॉक्टरों को दी। लेकिन ना समय पर चिकित्सक कार में बैठी गर्भवती महिला के पास पहुंच सके और ना ही नर्स। समय पूरा होने के कारण महिला को कार में ही बच्ची को जन्म देना पड़ा। इसके बाद वहां नर्स पहुंची और स्ट्रेचर लेकर उसे तुरंत लेबर रूम ले जाया गया। ईलाज शुरू किया गया। इस संबंध में सदर अस्पताल सुपरिटेंडेंट डॉ एसके मंडल ने बताया कि गर्भवती महिला का समय पूरा हो चुका था, तब उसे अस्पताल लाया गया। जैसे डॉक्टरों को इसकी सूचना मिली सभी तैयार ही कर रहे थे, लेबर रूम में लाने के लिए। इससे पहले महिला ने बच्ची को जन्म दे दिया। इसके बाद हम लोगों से तुरंत और लेबर रूम ले जाकर जो प्रक्रिया है उसके तहत इलाज किया गया। फिलहाल मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।





