ट्रैक्टर और कार की टक्कर में महिला और दो बच्चों की मौत
ट्रैक्टर और कार की टक्कर में महिला और दो बच्चों की मौतबूंदी/जयपुर, 27 फरवरी । जिले के हिंडोली इलाके के दबलाना थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर और कार की भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। इनमें मां के साथ बेटा और बेटी शामिल है, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।दबलाना थाने के एसएचओ रमेश मेरोठा ने बताया कि कोटा निवासी किशनलाल और उनका दामाद राजू लाल का परिवार चौथ का बरवाड़ा दर्शन के लिए गया था। लौटते समय कार में नौ लोग सवार थे। इस दौरान नेशनल हाईवे 148 पर दबलाना थाना क्षेत्र के दुर्गापुरा गांव के नजदीक ट्रैक्टर और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से हिंडोली के अस्पताल ले जाया गया। जहां कार में राजू लाल की 40 वर्षीय पत्नी रीना सैनी, बेटा केशव और बेटी कृष्णा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य छह लोगों का उपचार जारी है।





